Una: वन माफिया पर कसा शिकंजा, बिना परमिट पंजाब जा रहे लकड़ी से लदे 2 वाहन जब्त
punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 04:46 PM (IST)
दौलतपुर चौक (परमार): भरवाईं वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चलेट गांव में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बिना किसी वैध दस्तावेज के लकड़ी से लोड होकर पंजाब की तरफ जा रहे दो वाहनों को लकड़ी सहित जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सायं वन खंड अधिकारी (बीओ) दौलतपुर चौक संजीव बीटन, वनरक्षक अजय कुमार और वनरक्षक अवतार सिंह पर आधारित विभागीय टीम ने चलेट-होशियारपुर वाया ढोलवाह संपर्क मार्ग पर विशेष नाकाबंदी की थी। इस दौरान मार्ग से गुजर रहे लकड़ी से लदे दो वाहनों को जांच के लिए रोका गया। निरीक्षण करने पर पाया गया कि दोनों वाहनों में विभिन्न प्रजातियों के पेड़ों की लकड़ी लदी हुई थी। जब विभागीय टीम ने दोनों वाहन चालकों से लकड़ी के परिवहन और उसके स्रोत से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो वे मौके पर कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लकड़ी सहित दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
वन विभाग की टीम द्वारा जब्त किए गए दोनों वाहनों को भद्रकाली स्थित विभागीय विश्राम गृह में लाया गया है। प्रारंभिक तौर पर ये दोनों वाहन फतेहपुर व सिद्ध चलेहड़ क्षेत्रों से संबंधित बताए जा रहे हैं। वन विभाग अब इस बात की गहनता से जांच कर रहा है कि वाहनों में लदी यह लकड़ी आखिर कहां से काटी गई थी और इसे किस स्थान से पंजाब ले जाया जा रहा था।
मामले की पुष्टि करते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी (आरओ) भरवाईं पूर्ण सिंह ने बताया कि चलेट में बिना दस्तावेजों के लकड़ी से लदे दो वाहनों को काबू कर लकड़ी सहित जब्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लकड़ी के कटान और उसके अवैध परिवहन से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से छानबीन की जा रही है तथा विभाग द्वारा नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

