Hamirpur News: वन्य प्राणी विंग में रखे जाएंगे 2 रिटायर्ड पटवारी, 10 अगस्त तक करें आवेदन

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 07:39 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): हिमाचल प्रदेश वन विभाग की वन्य प्राणी विंग ने जमीन से जुड़े आवश्यक कार्यों को सुचारू रूप से निपटाने के लिए सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) पटवारियों की सेवाएं लेने का निर्णय लिया है। वन्य प्राणी विंग के धर्मशाला वृत्त (सर्कल) के अंतर्गत आने वाले हमीरपुर मंडल और चम्बा मंडल के लिए एक-एक रिटायर्ड पटवारी की तैनाती की जाएगी। इन पदों पर सेवाएं देने वाले पटवारियों को विभाग की ओर से प्रतिमाह 40 हजार रुपए का फिक्स मानदेय प्रदान किया जाएगा।

धर्मशाला स्थित वन्य प्राणी विंग के वृत्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इन पदों पर आवेदन के लिए कुछ आवश्यक नियम व शर्तें तय की गई हैं। आवेदन करने वाले सेवानिवृत्त पटवारी की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, आवेदक के पास राजस्व विभाग में कम से कम 5 वर्ष तक सेवाएं देने का कार्यानुभव होना अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदक का सेवा रिकॉर्ड बिल्कुल बेदाग होना चाहिए, यानी उसके खिलाफ कोई भी कानूनी केस या विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए।

इन पदों पर सेवाएं देने के इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 10 अगस्त तक अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। उम्मीदवारों को अपने आवेदन पत्र वन्य प्राणी वृत्त कार्यालय धर्मशाला में जमा करवाने होंगे। विभाग द्वारा यह भी विशेष रूप से स्पष्ट किया गया है कि आवेदन पत्र के साथ किसी सरकारी अस्पताल द्वारा जारी किया गया मेडिकल फिटनैस प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। इसके बिना आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News