टुटू के शिवनगर में खुदाई करते मलबे में दबे 2 मजदूर, 2 घंटे चला रैस्क्यू ऑप्रेशन

punjabkesari.in Friday, Nov 11, 2022 - 05:31 PM (IST)

शिमला (वंदना): शिमला के उपगनर टुटू के शिवनगर में शुक्रवार दोपहर को खुदाई करते हुए मलबा गिर गया। यहां पर भवन निर्माण के लिए खुदाई की जा रही थी। इसके चलते काम कर रहे 2 मजदूर मलबे में फंस गए। जैसे ही मजदूरों के चिल्लाने की आवाजें स्थानीय लोगों को सुनाई दीं तो वैसे ही मौके पर लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान 1 मजदूर को स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर ही मलबे से बाहर निकाल दिया था लेकिन दूसरा मजदूर जो काफी हद तक मलबे के नीचे दब गया था, उसे निकालने की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। इसके बाद आईटीबीपी, अग्निशमन विभाग भी मौके पर पहुंचा और मजदूर को बाहर निकालने के लिए इनकी मदद लेनी पड़ी। करीब 2 घंटे तक मजदूर को बचाने के लिए रैस्क्यू ऑप्रेशन चला। इसके बाद मजदूर को बाहर निकाल उपचार के लिए आईजीएमसी भेजा गया है। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मजदूर की हालात स्थिर बताई जा रही है। इस दौरान स्थानीय लोगों व प्रशासन की ओर से फौरी मदद की गई। शहर में बरसात के बाद अब धूप तपना शुरू हो गई है। इससे कई जगहों पर मलबाा गिरने की आशंका बनी हुई है। इससे हर समय बड़ा हादसा होने का भय लगा रहता है। नगर निगम ने शहर में बरसात के दौरान भवन निर्माण के लिए खुदाई व कटिंग इत्यादि पर रोक लगा रखी थी लेकिन अब यह प्रतिबंध हट चुका है, ऐसे में शहर में लोग भवन निर्माण कार्य कर रहे हैं। इससे भूस्खलन होने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिनों संजौली में भी खुदाई करते हुए डंगा गिर गया था। इसमें भी 3 लोग मलबे की चपेट में आ गए थे। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भवन निर्माण के दौरान विशेष सावधानी रखें ताकि मलबा गिरने से कोई इसकी चपेट में न आए। वहीं नगर निगम की टीम ने भवन निर्माण की मंजूरी, नक्शा व मकान के दस्तावेजों को खंगालने का काम शुरू कर दिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News