Solan: जेल के अंदर पिस्टल और प्रतिबंधित सामान पहुंचाने की बड़ी साजिश नाकाम, 2 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 05:43 PM (IST)
बीबीएन (शेर सिंह): सोलन जिला में पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत किशनपुरा स्थित जेल परिसर में सुरक्षा में सेंध लगाने की एक बड़ी कोशिश नाकाम हुई है। जेल परिसर के अंदर प्रतिबंधित सामान पहुंचाने की फिराक में आए दो युवकों को पुलिस ने धर दबोचा है। इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार जेल वार्डर ने जेल की बाहरी सुरक्षा दीवार के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को घूमते हुए देखा। सुरक्षा में चूक की आशंका को देखते हुए जेल स्टाफ ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक आरोपी भागने में सफल रहा, जबकि स्टाफ ने घेराबंदी कर दूसरे आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल, जर्दा और बीड़ी के पैकेट बरामद हुए, जिन्हें वह जेल परिसर के अंदर फैंकने की तैयारी में था। पकड़े गए आरोपी की पहचान नंद लाल उर्फ नंदू निवासी गांव सेरी (तहसील नालागढ़) के रूप में हुई है। वहीं, मौके से फरार हुए दूसरे साथी की पहचान निर्मल उर्फ काकू (निवासी गांव प्लासी) के रूप में हुई, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि जेल वार्डर की शिकायत पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पिस्टल और प्रतिबंधित सामान किसे और क्यों पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

