Shimla: HPU के B.Ed कोर्स से छात्रों ने मोड़ा मुंह, 450 में से 136 सीटें रह गईं खाली
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 07:05 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई ) में जनवरी 2026 सत्र के दौरान बीएड कोर्स की सभी सीटें नहीं भर पाई हैं। बीएड कोर्स में 450 सीटें मौजूद हैं, लेकिन इस सत्र के लिए इस बार 314 सीटें ही भर पाईं, जबकि 136 सीटें खाली रह गई हैं। हालांकि खाली सीटों को भरने के लिए सीडीओई की ओर से प्रवेश प्रक्रिया को कई बार आगे बढ़ाया। यूजीसी के डिस्टैंस एजुकेशन ब्यूरो (डीईबी) से मंजूरी मिलने के बाद खाली सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया अमल में लाई गई, लेकिन फिर भी सभी सीटें नहीं भर पाईं।
सीडीओई में वर्ष में 2 बार प्रवेश प्रक्रिया अमल में लाई जाती है। यानी कि जनवरी बैच के अलावा जुलाई बैच के तहत प्रवेश प्रक्रिया अमल में लाई जाती है और पूर्व में भी जनवरी बैच के दौरान कम संख्या में प्रवेश होता है। जनवरी 2026 सत्र के लिए अब एडमिशन प्रक्रिया पूरी हो गई है और सीडीओई में विभिन्न कोर्सिज में इस बार 1523 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
इस बार सीडीओई में चल रहे बीए कोर्स में सबसे अधिक 468 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। सबसे कम प्रवेश म्यूजिक में 8 विद्यार्थियों ने लिया। इसके अलावा बीकॉम में 40, एमए अर्थशास्त्र में 35, एजुकेशन में 71, अंग्रेजी में 102, हिन्दी में 59, इतिहास में 68, जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन कोर्स में 11, राजनीतिक विज्ञान में 117, लोक प्रशासन में 10, संस्कृत में 14, समाज शास्त्र में 47, एमबीए में 45 और एमकॉम कोर्स में 114 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

