Himachal: 149 CBSE स्कूलों में आऊटसोर्स से भरे जाएंगे 1359 पद, 5 से 25 हजार रुपए तक मिलेगा वेतन
punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 06:14 PM (IST)
शिमला (प्रीति): शिक्षा विभाग 149 सरकारी सीबीएसई स्कूलों में विभिन्न श्रेणियों के 1359 पद आऊटसोर्स आधार पर भरने जा रहा है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रॉनिक्स डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन को रिक्विजिशन भेज दी है। अब कॉर्पोरेशन के माध्यम से इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन पदों पर नियुक्त होने वाले कर्मचारियों को श्रेणी के अनुसार 5,000 रुपए से लेकर 25,000 रुपए तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
मल्टी टास्क वर्कर्ज के भरे जाएंगे 453 पद
शिक्षा विभाग की ओर से भेजी गई रिक्विजिशन के अनुसार स्कूलों में आया, कैटरिंग सुपरवाइजर, काऊंसलर कम वैलनैस, योग टीचर, चौकीदार, स्वीपर और मल्टी टास्क वर्कर्ज के पद भरे जाने हैं। आया, कैटरिंग सुपरवाइजर, काऊंसलर कम वैलनैस, योगा टीचर, चौकीदार, स्वीपर के 151-151 पद और मल्टी टास्क वर्कर्ज के 453 पद भरे जाएंगे। विभाग की योजना के तहत प्रत्येक स्कूल में तीन मल्टी टास्क वर्कर्ज की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा एक चौकीदार, एक कैटरिंग सुपरवाइजर और एक काऊंसलर कम वैलनैस की तैनाती भी स्कूल में की जाएगी। अन्य श्रेणियों में कर्मचारियों की तैनाती और स्कूलों में उनकी जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत जानकारी भर्ती प्रक्रिया के दौरान स्पष्ट हो सकेगी। उक्त सभी श्रेणियों के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष तक होगी। गौर हो कि सीबीएसई के निर्धारित नियम और शर्तों के मुताबिक विभाग उक्त कर्मचारियों की नियुक्ति कर रहा है।
प्रदेश के 2 और स्कूलों को मिली सीबीएसई से मान्यता
इस दौरान प्रदेश के दो और सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता मिली है। अब चड़ीयार और पंजगई स्कूल सीबीएसई बन गए हैं। ऐसे में प्रदेश में सरकारी सीबीएसई स्कूलों का आंकड़ा 149 हो गया है। बताया जा रहा है कि 9 स्कूलों की एफिलिएशन की प्रक्रिया जारी है। पहले चरण में प्रदेश में 158 स्कूल सीबीएसई एफिलिएटेड होंगे। इसके बाद दूसरे चरण में 100 स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड बनाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

