कांगड़ा में 1,22,265 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवाई

punjabkesari.in Tuesday, Feb 09, 2021 - 11:29 AM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो) : जिला में सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 14 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इसमें कांगड़ा जिला में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1,22,265 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अतिरिक्त उपायुक्त राहुल कुमार ने डी.आर.डी.ए. सभागार में पल्स पोलियो अभियान की जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की सोमवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते कहा कि इस अभियान के तहत कांगड़ा जिला में पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 1070 बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ 22 ट्रॉजिट पॉइंट (बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, झुग्गी झोपड़ी, ईंट के भट्टे, भवन निर्माण स्थल) पोलिंग बूथ लगाए जाएंगे, जिनमें पोलियो की बूंदें पिलाई जाएंगी। इसके लिए जिला भर में 4280 टीम के सदस्य नियुक्त किये गये हैं, 2013 सुपरवाईजरों की देख-रेख में यह सदस्य कार्य करेंगे।

टीकाकरण के सभी सदस्य 14 फरवरी के दिन बूथ पर दवाई पिलाएंगे और 15 तथा 16 फरवरी को घर-घर जाकर इस अभियान में छूटे बच्चों को पोलियों की दवाई पिलाई जाएगी। उन्होंने समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ इस कार्य को करने में अपना सहयोग दें ताकि 0 से 5 साल का एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। ए.डी.सी. ने छोटा तथा बड़ा भंगाल क्षेत्र में भी इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। इससे पहले सी.एम.ओ. डा. गुरदर्शन ने पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस विभाग, आई.सी.डी.एस., ग्रामीण एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News