ASI और सिटी चौकी के मुंशी को रोजनामचे से छेड़छाड़ करना पड़ा महंगा

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 12:12 AM (IST)

मंडी: विधानसभा की चर्चा से सुर्खियों में आए सिटी पुलिस चौकी मंडी के प्रभारी रहे ए.एस.आई. राम लाल ठाकुर को एस.पी. मंडी ने सस्पैंड कर दिया है। बताया जा रहा है कि वाहन चोरी मामले में रोजनामचा से छेड़छाड़ करने का दोषी पाए जाने के बाद उन पर यह गाज गिरी है। सरकारी रिकार्ड से छेड़छाड़ करने के आरोप में उनके खिलाफ पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज किया गया है। एस.पी. मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस चौकी के रोजनामचे के रिकार्ड में छेड़छाड़ के आरोप सही पाए जाने पर ए.एस.आई. राम लाल ठाकुर व मुंशी पवन कुमार को सस्पैंड कर दिया गया है।

सैंट्रल रेंज के आई.जी. से हुआ था कुछ विवाद 
जिस रोजनामचे में टैंपरिंग की गई, उसमें सैंट्रल रेंज के आई.जी. के खिलाफ कुछ टिप्पणी लिखी बताई जा रही है। बता दें कि वाहन चोरी मामले में अन्वेषण के दौरान इस अधिकारी का सैंट्रल रेंज के आई.जी. से कुछ विवाद हुआ था जिसके बाद इस रोजनामचे में छेड़छाड़ की गई बताई जा रही है, वहीं सूत्रों का मानना है कि सरकार के निशाने पर आए इस अधिकारी के खिलाफ महकमे में कई पुलिस कर्मचारी और अधिकारी सत्तापक्ष के नेताओं के संपर्क में आकर बड़ा रोल निभा रहे हैं। इधर, बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए राम लाल ठाकुर ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। इस मामले में सिटी पुलिस चौकी के मुंशी पवन कुमार पर भी विभागीय गाज गिरी है और उनको भी लाइन हाजिर कर सस्पैंड कर दिया गया है। 

डी.एस.पी. हैडक्वार्टर करेंगे मामले की जांच
राम लाल ठाकुर के विरुद्ध मामले की जांच का जिम्मा डी.एस.पी. हैडक्वार्टर को सौंपा गया था। पुलिस चौकी के रोजनामचे से छेड़छाड़ करने की शिकायत मिलने पर एस.पी. मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने इसकी जांच का जिम्मा एडीशनल एस.पी. को सौंपा था। मामले की जांच करने के बाद एडीशनल एस.पी. ने वीरवार शाम एस.पी. को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। इसके बाद राम लाल ठाकुर के विरुद्ध पुलिस थाना सदर में विभिन्न धाराओं के तहत रिकॉर्ड से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News