सांप ने डसे 5 लोग, महिला व युवती सहित बच्ची की मौत

punjabkesari.in Sunday, Jul 23, 2017 - 11:49 PM (IST)

ऊना/जोल: ऊना जिला के अंतर्गत आते विभिन्न स्थानों पर 5 लोगों को सांप ने डस लिया। इनमें से एक बच्ची, महिला व युवती की मौत हो गई जबकि एक को गंभीर हालत में पी.जी.आई. रैफर किया गया है। वहीं एक का उपचार ऊना अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान जोल के समीपवर्ती ग्राम पंचायत बेरियां हार की रितिका देवी (9) पुत्री ब्रजेश कुमार, मलांगड़ गांव की शिखा (19) पुत्री कर्मचंद और अंबिका (65) पत्नी शाम लाल निवासी तलाई जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इन मामलों में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 

बिस्तर पर सोई हुई थी बच्ची
जानकारी के अनुसार बेरियां हार की रितिका देवी गत मंगलवार रात को बिस्तर पर सोई हुई थी तो सांप ने उसे डस लिया। जब लड़की ने परिजनों को बताया तो वह उसे बड़ूही में एक निजी अस्पताल में ले गए जहां पर उसकी मौत हो गई। वहीं शिखा को सर्पदंश के बाद पहले बड़सर अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे ऊना रैफर किया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अंबिका को भी सर्पदंश के बाद ऊना अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सर्पदंश की शिकार महिला पी.जी.आई. रैफर
ललड़ी गांव की एक महिला को सर्पदंश के बाद क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया जहां से उसे गंभीर हालत में पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया। बंगाणा के गांव कोलका के 26 वर्षीय युवक को भी सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में युवक को ऊना अस्पताल लाया गया जहां उसका उपचार जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News