मार्कंडेय बोले, ग्रीन हाऊस सब्सिडी का पैसा हड़पने वालों की होगी जांच

punjabkesari.in Wednesday, Mar 14, 2018 - 09:32 AM (IST)

शिमला: कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने कहा है कि ग्रीन हाऊस सब्सिडी का पैसा हड़पने वालों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। मार्कंडेय ने यह बात विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान श्री नयनादेवी जी के विधायक रामलाल ठाकुर की तरफ से पूछे प्रश्न के उत्तर में दी। ठाकुर का आरोप था कि उनके जिला में कुछ लोगों ने ग्रीन हाऊस की सबसिडी का पैसा हड़पा है। उन्होंने कहा कि सब्सिडी लेने के साल के बाद ही ग्रीन हाऊस को बेच दिया। 


वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक मोहन लाल ब्राक्टा की तरफ से पूछे प्रश्न के उत्तर में जानकारी दी कि सरकार वन विभाग में डी.एफ.ओ. के 100 और लिपिकों के 124 पद भरने जा रही है। इसी तरह अन्य श्रेणी के खाली पड़े पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि वन मंडल रोहड़ू में विभिन्न श्रेणियों के 22 पद खाली हैं। इसमें सहायक अरण्यपाल के 2, वन परिक्षेत्र अधिकारी के 2, उप वन राजिक के 5, वन रक्षक के 4, अधीक्षक ग्रेड-टू का 1, लिपिक के 3 तथा चौकीदार के 5 पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने कहा कि सहायक अरण्यपाल, वन परिक्षेत्र अधिकारी, अधीक्षक ग्रेड-टू व लिपिक के खाली पदों को भरने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News