बिंदल बोले-वैंटीलेटर पर वीरभद्र सरकार, गिन रही अंतिम सांसें

punjabkesari.in Thursday, Aug 10, 2017 - 12:25 AM (IST)

नाहन: वीरभद्र सरकार वैंटीलेटर पर है और अंतिम सांसें गिन रही है। युवाओं को ठगने वाली सरकार का समय अब पूरा हो चुका है। भाजपा के राज्य प्रवक्ता एवं विधायक नाहन डा. राजीव बिंदल ने सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा युवा मोर्चा की आयोजित आक्रोश रैली में जिलाभर के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वीरभद्र सरकार ने 5 साल पहले युवाओं को वोट लेकर ठगा और बाद में युवाओं के साथ धोखा किया। प्रदेश का युवा अब सरकार के खिलाफ लामबंद हो चुका है। उन्होंने कहा कि सत्ता की लड़ाई में संगठन और सरकार के बीच घमासान मचा है। जनता का सरकार से मोह भंग हो चुका है। 

PunjabKesari

60 से ज्यादा सीटें लेकर सत्ता पर काबिज होगी भाजपा
उन्होंने दावा किया कि भाजपा आने वाले विधानसभा चुनाव के बाद 60 से ज्यादा सीटें लेकर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था दम तोड़ चुकी है। आए दिन बलात्कार, मर्डर व लूटपाट जैसी घटनाएं पेश आ रही हैं। कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी है। प्रदेश में माफियाओं का राज चल रहा है। आक्रोश रैली में जिला भाजपा अध्यक्ष सुख राम चौधरी सहित, पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप, शिलाई के विधायक बलदेव तोमर, पूर्व विधायक श्री रेणुकाजी हृदय राम व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बलवीर सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। 

PunjabKesari

पुलिस के कड़े बंदोबस्त फिर भी जला मुख्यमंत्री का पुतला 
युवा मोर्चा की आक्रोश रैली के मद्देनजर शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किए थे। कड़े इंतजाम होने के बावजूद भाजपा विधायकों के निर्देशों के अनुसार भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकत्र्ता मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने में सफल रहे जबकि जिला मुख्यालय को पुलिस छावनी में तबदील किया गया था और चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात नजर आए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News