बिंदल का कांग्रेस पर वार, कहा-प्रदेश की भ्रष्ट सरकार के जाने का वक्त आ गया

punjabkesari.in Wednesday, Jun 21, 2017 - 09:17 PM (IST)

नाहन: प्रदेश की भ्रष्ट एवं निकम्मी कांग्रेस सरकार के जाने का वक्त आ गया है। शिमला के चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री ने गली-गली में जाकर चुनाव प्रचार किया जिसका परिणाम 20 भाजपा व 13 कांग्रेस रहा। शिमला को कांग्रेस का गढ़ कहा जाता है, जहां 31 साल बाद भाजपा सत्ता में आई है। यह स्पष्ट संकेत है कि जनता परिवर्तन के मूड में है। ये विचार बुधवार को हिंदू आश्रम में आयोजित भाजपा मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डा. राजीव बिंदल ने व्यक्त किए। 

नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता के सामने ढेरों समस्याएं
उन्होंनेे कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता के सामने ढेरों समस्याएं हैं, समाधान के नाम पर कुछ भी नहीं हो रहा है इसलिए इस गली-सड़ी सरकार को बदलना ही एकमात्र साधन बचा है। उन्होंने कहा कि ब्लाक के अधिकारी धन का सदुपयोग नहीं कर रहे हैं। कृषि अधिकारी पैसे की बंदरबांट कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग केवल चहेतों को ठेके देने वाला विभाग बन गया है, जहां कांग्रेसी ठेकेदारों की चांदी है। 

पीने का पानी देने में आई.पी.एच. विभाग फेल
आई.पी.एच. विभाग पीने का पानी देने में फेल हो गया है, हैंडपम्प ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं व नए हैंडपम्प लगाना तो दूर की बात सिंचाई योजनाएं भी ठप्प पड़ी हैं। स्कूलों में अध्यापक नहीं हैं, टॉयलेट नहीं हैं व कमरों का अभाव है। बैठक में भारतीय जनता पार्टी ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि इस बेईमान माफिया सरकार को बदल कर जनसमस्याओं का समाधान करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News