कड़ाकी में फंसे 2 तेंदुए, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

punjabkesari.in Sunday, Feb 18, 2018 - 07:07 PM (IST)

पालमपुर: पालमपुर के समीप राख बल्ला के ऊपरी क्षेत्र में 2 तेंदुए अवैध रूप से लगाए गए ट्रैप में फंस गए, जिस कारण एक तेंदुए की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। वन विभाग ने इस प्रकरण में पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार रविवार को किसी ने संबंधित फोरेस्ट गार्ड को सूचना दी कि राख बल्ला क्षेत्र में 2 तेंदुए कड़ाकी में फंसे हुए हैं, ऐसे में वन विभाग के वन्य प्राणी विंग की टीम मौके पर पहुंची। टीम द्वारा जांच में पाया गया कि एक तेंदुए की मौत हो चुकी थी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था। मृतक तेंदुआ का पेट तार के कारण पूरी तरह से कट-फट चुका था जबकि दूसरे तेंदुए को भी तार के कारण गंभीर चोटें आई हैं। दोनों नर तेंदुए हैं। 
PunjabKesari
गोपालपुर चिड़ियाघर भेजा घायल तेंदुआ
वन्य प्राणी विंग की टीम के डाक्टर विपिन ने गंभीर रूप से घायल तेंदुए का उपचार किया, जिसके बाद उसे गोपालपुर प्राकृतिक चेतना केंद्र ले जाया गया है जबकि मृतक तेंदुए का पंचनामा करवाया गया। वन विभाग ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उपमंडल वनाधिकारी बी.एस. यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक एक तेंदुए की मौत हो चुकी थी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
PunjabKesari
क्या है कड़ाकी
अवैध रूप से शिकार करने वाले शिकारी दोपहिया वाहनों में प्रयोग होने वाली क्लच वायर के रूप में उपयोग में लाए जाने वाले वायर का उपयोग कर कड़ाकी बनाते हैं तथा इस कड़ाकी को उस स्थान पर लगा दिया जाता है जहां वन्य प्राणी आते हैं ऐसे में वहां से गुजरने वाले वन्य प्राणी इस कड़ाकी में फंस कर या तो मौत का शिकार बन जाते हैं या गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News