एप्लीकेशन से फरमाइश, निगम करेगा होम डिलीवरी

Friday, Feb 12, 2016 - 11:48 PM (IST)

शिमला: महानगरों की तर्ज पर अब राजधानी शिमला में नगर निगम प्रशासन होम डिलीवरी सुविधा शुरू करने जा रहा है। मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए अब शहर की आम जनता अपनी जरूरत की चीजों की फरमाइश कर सकती है और नगर निगम आपकी फरमाइश को मिनटों में पूरी कर देगा। नगर निगम प्रशासन शहर की आम जनता को घर द्वार पर ही सुविधा प्रदान करने के लिए जल्द ही होम डिलीवरी सुविधा शुरू करने जा रहा है।

 

निगम एक मोबाइल एप्लीकेशन तैयार कर रहा है जिसके जरिए आम जनता बाजार से कुछ भी आर्डर कर सकती है और सैहब कर्मचारी आपके आर्डर की गई चीजों को घर द्वार पर पहुंचाएंगे। इसके अलावा शहर में पार्किंग, साइकिल स्टैंड, होटल में आक्यूपैंसी व शौचालयों की जानकारी व लोकेशन का पता भी लोगों को एक मोबाइल एप्लीकेशन से पता चल सकेगा। इस एप्प से पता चलेगा कि डोर-टू-डोर गारबेज क्लैक्टर आपके घरों से कूड़ा रोजाना उठा रहे हैं या नहीं।

 

एप्प के माध्यम से रोजाना कूड़े की रिपोर्ट निगम प्रशासन को मिल सकेगी, साथ ही जिस क्षेत्र में कूड़े वाला कूड़ा उठाने नहीं आया है उस पर त्वरित कारवाई की जा सकेगी, वहीं नगर निगम प्रशासन ने इस मोबाइल एप्लीकेशन को बनाने का जिम्मा नैशनल इन्फोरेटिव सैंटर एनआईसी को दिया है। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही एप्प बनकर तैयार होती है तो निगम इसे लांच कर देगा।

 

महिलाओं व बुजुर्गों की सुरक्षा को बनेगी एप्प
नगर निगम महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए मोबाइल एप्लीकेशन तैयार कर रहा है इसमें यदि किसी भी जगह महिलाओं व बुजुर्गों के साथ दुव्र्यहार होगा तो इसकी जानकारी बस एक क्लिक से एमसी एरिया के पार्षद को मिल जाएगी। यह एप्प पुलिस थानों से कनैक्ट होगी जिससे मामले पर त्वरित कारवाई हो सकेगी।

 

निगम को होम डिलीवरी से होगी आमदनी
निगम की अनूठी योजना से जहां शहरवासियों को घर बैठे ही सुविधा मिलेगी तो वहीं नगर निगम को इससे लाखों रुपए की कमाई हो सकेगी, साथ ही सैहब कर्मचारियों को भी इसमें कमाई करने का मौका मिल सकेगा। होम डिलीवरी सुविधा देने के लिए एमसी आम जनता से पैसे चार्ज करेगा। जिसमें सैहब कर्मचारियों को अलग से उनका शेयर दिया जाएगा।

 

ऑनलाइन हो सकेगी सड़कों की मुरम्मत व गड्ढों की भराई
प्रशासन का कहना है कि इस मोबाइल एप्लीकेशन के बनने से शहर में कहीं पर भी कोई भी दिक्कत हो उसका समाधान मौके पर ही किया जा सकेगा। इससे सड़कों की मुरम्मत व सड़कों के गड्ढों को ऑनलाइन भरा जा सकेगा। इसके लिए निगम प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। 

 

मोबाइल एप्लीकेशन से करवाना होगा पंजीकरण
नगर निगम एक मोबाइल एप्लीकेशन बनाएगा इसके तहत आम जनता को अपने फोन पर इस एप्प को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद लोगों को अपना नाम यहां रजिस्टर करवाना होगा इसके लिए शहर को जीपीआरएस सिस्टम से जोड़ा जाएगा जिससे जो लोग एप्प को डाऊनलोड करेंगे वह आटोमैटिक ही इस सिस्टम से जुड़ जाएंगे। निगम इसके लिए एक लोगों का डाटाबेस तैयार करेगा। एप्प प्रैस करते ही जिस सुविधा की जानकारी आपको चाहिए उसे प्रैस कर सकते हंै और मिनटों में जानकारी आपको मिल सकेगी, वहीं कूड़े वाला यदि आपके घर नहीं आता है तो लोग इस एप्प के जरिए अपनी शिकायत यहां कर सकते हंै जिससे यह शिकायत संबंधित एरिया के सुपरवाइजर, पार्षद को मिल सकेगी और मौके पर ही शिकायतों का निपटारा हो सकेगा।