शिमला के मैहली में पानी न आने पर टूटा सब्र का बांध, सड़क पर उतरे लोग
punjabkesari.in Saturday, Sep 24, 2016 - 12:09 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मैहली में करीबन 20 दिनों से पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे लोगों ने सड़क पर उतरकर आई.पी.एच. के खिलाफ हल्ला बोला और एन.एच. पर यातायात अवरुद्ध किया। पिछले 3 सप्ताह से मैहली व उसके आसपास के क्षेत्रों में पानी न आने पर गुस्साए लोगों ने एन.एच. पर चक्का जाम किया।
इस दौरान मैहली, शिल्डी, गुसान,झाड़ग व शकराला गांव के करीब 150 लोगों ने आई.पी.एच. के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि पिछले 20 दिनों से उनके घरों में पानी की सप्लाई नहीं आ रही है जिससे लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां नगर निगम व आई.पी.एच. विभाग द्वारा पानी की सप्लाई दी जाती है। लोगों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों को की गई लेकिन मामला जस का तस ही बना रहा।
इसके बाद गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को मैहली चौक पर 10 बजे के बाद से धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुजारली ग्राम पंचायत के प्रधान विनती शर्मा की अगुवाई में धरना प्रदर्शन किया। लोगों ने शुक्रवार को 10 से 12 बजे तक मैहली चौक पर आई.पी.एच. नगर निगम व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि इस समय पर्याप्त मात्रा में पानी है लेकिन आई.पी.एच. और नगर निगम की नाकामियों के कारण लोगों को समय पर पानी नहीं दिया जा रहा है।
इस दौरान महिलाओं व युवाओं ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोला। इसके बाद मौके पर आई.पी.एच. के एक्सियन, एस.डी.ओ. व नगर निगम के अधिकारी सहित एस.डी.एम. पहुंचे। अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। आई.पी.एच. के अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि आज से ही क्षेत्र में पानी की सप्लाई कर दी जाएगी। इस दौरान मैहली के 2 व शिल्डी के 2 वार्डों में पानी का संकट है।
इस दौरान नगर निगम के एम.ई. ने लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। निगम इन क्षेत्रों में पर्याप्त पानी देगा। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने आई.पी.एच. को चेताते हुए कहा है कि यदि इसके बाद भी लोगों के घरों में समय-समय पर पानी की सप्लाई नहीं दी गई तो वह अश्विनी खड्ड से पानी लिफ्ट नहीं होने देंगे।