यहां स्थापित करेगा नगर निगम अपना पैट्रोल पंप, कर्मियों को मिलेगी इतने % छूट

Saturday, Oct 22, 2016 - 10:37 AM (IST)

शिमला: राजधानी शिमला में नगर निगम जल्द ही खुद का पैट्रोल पंप स्थापित करने जा रहा है। इसके लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की ओर से एम.सी. को भेजे गए प्रस्ताव को प्रशासन ने मंजूरी प्रदान कर दी है। मामले को लेकर आई.ओ.सी. ने निगम आयुक्त पंकज राय के साथ बैठक कर मामले पर विस्तार से चर्चा की है।


बैठक में पैट्रोल पंप खोलने को लेकर लोकेशन व जमीन का चयन भी किया गया है। इस दौरान लोकेशन को फाइनल कर लिया गया है। हालांकि मामले को पहले स्वीकृति के लिए निगम की वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा, इसके बाद इसे अंतिम स्वीकृति के लिए निगम सदन के समक्ष पेश किया जाएगा। यदि सदन में एक मत बनता है, तो जल्द ही शहरवासियों को निगम लक्कड़ बाजार एरिया में पैट्रोल पंप की सुविधा प्रदान कर सकेगा। बैठक में पैट्रोल पंप के संचालन को लेकर नियम व शर्ते भी निर्धारित की जाएंगी।


प्रशासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के तहत पैट्रोल पंप का संचालन किया जाएगा। इसके लिए एम.ओ.यू. साइन करने को लेकर भी बैठक में ही चर्चा होगी। नगर निगम आयुक्त पंकज राय ने कहा कि इसके लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की ओर से निगम को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मंजूर कर लिया गया है। मामले को स्वीकृति के लिए पहले एफ.सी.पी.सी. के समक्ष रखा जाएगा, इसके बाद सदन के समक्ष अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा।


यहां स्थापित होगा पैट्रोल पंप
जानकारी के मुताबिक निगम कैंसर अस्पताल के नजदीक निगम की खाली पड़ी जमीन पर पैट्रोल पंप स्थापित करेगा। मौजूदा समय में यहां पर निगम की गाड़ियां पार्क की जाती हैं। ऐसे में निगम अपनी इस जमीन का प्रयोग कर यहां पर पैट्रोल पंप खोलने की तैयारी कर रहा है। खास बात है कि ताराहाल से ढली टनल तक कोई भी पैट्रोल पंप नहीं है, ऐसे में निगम यदि यहां पर अपना पैट्रोल पंप खोलता है तो एक ओर निगम को इससे खासी कमाई होगी तो वहीं आम जनता को भी सुविधा मिल सकेगी। 


निगम कर्मियों को मिलेगी छूट
निगम के इस प्रस्ताव से सबसे अधिक फायदा नगर निगम के कर्मचारियों को होगा। कर्मचारियों को पैट्रोल पंप पर 2 से 3 रुपए की विशेष छूट प्रदान की जाएगी, साथ ही निगम की शहर में चलने वाली गाड़ियों और डोर टू डोर गारबेज कलैक्टर वाहनों सहित अधिकारियों की गाड़ियों में पैट्रोल यहीं से भरा जाएगा।