हिमाचल सरकार ने सार्वजनिक किया प्रियंका वाड्रा की जमीन का ब्योरा

Sunday, Apr 17, 2016 - 12:12 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में प्रियंका गांधी वाड्रा की संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक करने का मामला भले ही हाईकोर्ट में हो लेकिन प्रदेश सरकार ने बागवानी के लिए खरीदी उनकी जमीन का ब्योरा सार्वजनिक कर दिया है। जानकारी के मुताबिक सरकार की ओर से बताया है कि प्रियंका ने बागवानी के लिए शिमला के छराबड़ा में 4 हेक्टेयर जमीन खरीदी है। इतना ही नहीं जमीन का खसरा नंबर भी सार्वजनिक कर दिया है।


बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश भू सुधार अधिनियम की धारा 118 के अंतर्गत भूमि खरीदने के लिए प्रियंका गांधी को 14 मार्च 2013 को मंजूरी दी थी। यह जमीन छराबड़ा में प्रियंका के निर्माणाधीन घर के साथ ही लगती है। वहीं दूसरी ओर विभाग ने प्रियंका गांधी समेत सभी 562 लोगों के नाम, पते, जमीन का पूरा विवरण, उपयोग का कारण और जमीन खरीदने की अनुमति प्रदान करने की तिथि की जानकारी सार्वजनिक की है।


सूचना सार्वजनिक न करने के लिए प्रियंका ने हाईकोर्ट में की थी अपील
बताया जा रहा है कि आर.टी.आई. एक्टिविस्ट देव आशीष भट्टाचार्या ने सूचना के अधिकार के जरिए प्रियंका गांधी की शिमला में खरीदी गई जमीनों की पूरी जानकारी मांगी थी। प्रियंका गांधी ने सुरक्षा का खतरा जताते हुए सूचना देने पर एेतराज किया था। तभी मामला राज्य सूचना आयोग तक पहुंच गया और जब आयोग ने सूचना सार्वजनिक करने के आदेश दिए तो प्रियंका ने हिमाचल हाईकोर्ट में आयोग के आदेश को चुनौती दे दी थी। तब से यह मामला कोर्ट में लंबित चल रहा है।