इस खास मकसद से हिमाचल आएंगे BJP के बॉस

Wednesday, Nov 23, 2016 - 04:23 PM (IST)

सोलन (चिनमय कौशल): आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में हिमाचल भाजपा ने कमर कस ली है। पार्टी ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हिमाचल दौरा तय किया गया है। अमित शाह 11 दिसंबर को हिमाचल के सोलन में आएंगे। सोलन में भाजपा मंडल के कार्यालय में बैठक का आयोजन हुआ।


जिला अध्यक्ष के एल ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता की। इस मौके पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राजीव बिंदल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आने वाले चुनावों को लेकर जहां रणनीति बनाई गई वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सोलन दौरे को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सोलन मंडल के सक्रिय सदस्यों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और अपने अपने सुझाव दिए। 


जानकारी के मुताबिक भाजपा जिला अध्यक्ष के एल ठाकुर ने कहा कि 11 दिसंबर को सोलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष का एक दिवसीय दौरा है जिसमे वह शिमला संसदीय सीट के  17 मंडल और रामपुर मंडल के बूथ पालक,बूथ अध्यक्षों के साथ बीएलए को चुनावों में जीत हासिल करने के टिप्स देंगे। जिसके चलते सभी कार्यकर्त्ताओं में बेहद उत्साह और जोश देखा जा रहा है।