डॉक्टर ने पहले जेब से 12 लाख खर्चकर खरीदे उपकरण, फिर किया Operation

Thursday, Jul 11, 2019 - 05:10 PM (IST)

मंडी(नीरज) : कहते हैं कि डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप होते हैं। डॉक्टर चाहे तो मरीज के लिए क्या कुछ नहीं कर सकता। कुछ ऐसी ही मिसाल पेश की है जोनल अस्पताल मंडी में तैनात गायनी स्पेशलिस्ट डा. उदय भानु राणा ने। 35 वर्षीय डा. उदय भानु ने वो काम किया है जिसे करने के लिए शायद बड़े जिगर की जरूरत होती है। इन्होंने अपनी जेब से 12 लाख खर्च करके लैपरोस्कोपिक उपकरण खरीदकर दो महिलाओं की दूरबीन से बिना टांके के यूटरस निकालने वाली सर्जरी करके नया इतिहास रच दिया। इस सर्जरी में उन्होंने भी अपना अहम योगदान दिया। वह गायनी स्पेशलिस्ट हैं और जोनल अस्पताल मंडी में ही तैनात हैं।

डा. उदय और डा. संदीप ने दूरबीन से बिना टांके के यूटरस निकालने की सर्जरी की ट्रेनिंग ले रखी है। डा. उदय ने इस विधि से सर्जरी करने के लिए लैपरोस्कोपिक उपकरण विभाग के माध्यम से सरकार से भी मांग रखे हैं। लेकिन सरकार द्वारा खरीद करने में देरी होने के कारण उन्होंने अपनी जेब से ही 12 लाख खर्च करके यह उपकरण खरीद डाले। इन उपकरणों को उन्होंने जोनल अस्पताल मंडी के ऑपरेशन थिएटर में ही रखा है। उपकरण खरीदने के बाद उन्होंने अस्पताल में ऑपरेशन करवाने आई दो महिलाओं पर इसका उपयोग करके दो सफल आपरेशन भी कर डाले।

जोनल अस्पताल के सीनियर कंसल्टेंट डा. संदीप सिंह राठौर ने बताया कि प्रदेश में इससे पहले कभी लैपरोस्कोपिक हिस्टेरेक्टामी सर्जरी यानी दूरबीन से बिना टांके के यूटरस निकलने की सर्जरी नहीं हुई है। प्रदेश से बाहर कुछ नीजि अस्पतालों में इस आपरेशन के 1 से 2 लाख रूपए चार्ज किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन से मरीज को छोटा सा चीरा लगाया जाता है जिससे शरीर से खून भी कम निकलता है और दर्द भी कम होता है तथा मरीज को जल्दी ही छुट्टी भी दे दी जाती है। डा. उदय भानु राणा मूलत मंडी जिला के सरकाघाट के रहने वाले हैं। इससे पहले वह आईजीएमसी शिमला में अपनी सेवाएं दे रहे थे। हालही में इन्हें सेवाएं देने के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया है।

डा. उदय भानु बताते हैं कि उपकरणों की खरीद में इन्हें परिवार का भी पूरा सहयोग मिला। परिवार ने भी आर्थिक रूप से उनकी मदद की और उसी कारण आज वह इन उपकरणों को खरीदकर लोगों को आधुनिक तकनीक की सेवाएं दे पा रहे हैं। उन्होने बताया कि बुधवार को भी अस्पताल में इसी विधि के द्वारा 5 और सर्जरी की जानी है। डा. उदय भानु राणा ने जेब से लाखों खर्च करके जो आधुनिक उपकरण खरीदे, उससे इन्होंने एक नई मिसाल पेश की है। उम्मीद की जानी चाहिए कि डा. उदय भानु भावी डॉक्टरों के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत बनकर उभरेंगे। वहीं जोनल अस्पताल में इस तरह की सर्जरी करवाने आए मरीजों के तीमारदारों का कहना है कि यह सुविधा उन्हे मंडी के अस्पताल में मिली है। जिससे कि थोड़े समय में ही ऑपरेशन हो जाता है व साथ ही मरीज को कोई ज्यादा परेशानी भी नहीं होती है। इसके लिए उन्होंने डा. उदय भानु का आभार जताया।

kirti