ठगी का शिकार हुआ युवक, शातिर ने ऐसे लगाया 2 लाख का चूना

punjabkesari.in Saturday, Jul 29, 2017 - 10:49 PM (IST)

मानपुरा: बी.बी.एन. में साइबर क्राइम के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस थाना बद्दी के तहत साइबर ठगी कर 2 लाख रुपए उड़ाने का मामला आया है। बद्दी में डिजिटल केबल कम्युनिकेशन के मैकेनिक पिंटू कुमार निवासी बिहार हाल निवासी हाऊंसिंग बोर्ड फेस-3 बद्दी को 25 जुलाई को फोन कॉल पर जी.एस.टी. लागू होने के चलते बैंक खाते से आधार कार्ड लिंक करने के लिए ए.टी.एम. नंबर मांगा गया। शातिर के झांसे में आकर पिंटू ने फोन पर ए.टी.एम. नंबर की जानकारी दे दी। इसके एक घंटे बाद उसके खाते से ऑनलाइन शॉपिंग के लिए लगातार 2 लाख रुपए निकाल लिए गए। शिकायतकर्ता ने फोन पर अपना ओ.टी.पी. नंबर भी शेयर कर दिया था। एसपी बद्दी ने कहा कि इस संबंध में प्राथमिक जांच की जा रही है। पुलिस साइबर सैल के माध्यम से इसकी जांच करेगी। 

साइबर मामलों में पुलिस कार्रवाई निराशाजनक
बी.बी.एन. में लगातार इस प्रकार के साइबर क्राइम के मामले सामने आ रहे हैं। इन मामलों में भले ही जानकारी के अभाव में लापरवाही खाताधारक की रही है, लेकिन शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई भी संतोषजनक नहीं है। 90 फीसदी मामलों में पुलिस ठगी के शिकार व्यक्ति को न्याय नहीं दिला पाई है। साइबर क्राइम के मामलों में पुलिस को अत्याधुनिक सिस्टम अपनाने की जरूरत प्रदेश में काफी समय से महसूस की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News