Bilaspur: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बीयर की 125 पेटियाें के साथ कुल्लू का तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 07:52 PM (IST)

बिलासपुर (जम्वाल): बिसासुपर जिले में अवैध शराब की तस्करी पर लगाम कसते हुए घुमारवीं थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन लिंक रोड पर मल्यावर के पास नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घुमारवीं थाना के उपनिरीक्षक  प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन लिंक रोड पर मल्यावर के समीप गश्त और नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान टीम ने संदेह के आधार पर वहां से गुजर रही एक महिंद्रा पिकअप  (एचपी 34ई-7703) को जांच के लिए रोका। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसके अंदर से बीयर की 125 पेटियां बरामद हुईं। बरामद की गईं पेटियों में बीयर में दो अलग-अलग मार्का शामिल हैं। इनमें 44 पेटियां थंडर बोल्ट बीयर और 81 पेटियां किंगफिशर बीयर पाई गईं हैं। चालक मौके पर इस शराब से संबंधित कोई भी वैध परमिट या कागजात पुलिस को पेश नहीं कर सका।

अवैध शराब के साथ पकड़े गए वाहन चालक की पहचान सत्याप्रकाश (26) पुत्र ध्यानू के रूप में हुई है। आरोपी ऊसालीधार, डाकघर बन्दरोल, तहसील व जिला कुल्लू का स्थायी निवासी है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ थाना घुमारवीं में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मल्यावर के पास पिकअप गाड़ी में अवैध रूप से ले जाई जा रहीं बीयर की 125 पेटियां पकड़ी हैं और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी पुलिस की यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News