सरकार के खिलाफ विधानसभा के बाहर जमकर गरजी युवा कांग्रेस

Tuesday, Mar 02, 2021 - 06:41 PM (IST)

शिमला (राजेश/अंबादत्त): विधानसभा सत्र के दौरान पहले दिन से ही सत्ता व विपक्ष में चल रही गहमागहमी तेज हो गई है। कांग्रेस के 5 विधायकों के निलंबन पर मंगलवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के बार सरकार के खिलाफ जमकर कर नारेबाजी की और सरकार से पांचों विधायकों के निलंबन को रद्द और विधायकों पर बेवजह दर्ज किए मुकद्दमों को खारिज करने की मांग की। दोपहर बाद विधानसभा सत्र के चलते युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर की अगुवाई में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा के पहुंचे और विधानसभा मुख्य गेट के बाहर सरकार व विधानसभा उपाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की।

विक्रमादित्य सिंह के साथ हुए दुर्व्यवहार का किया विरोध

इस मौके पर युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर ने कहा कि सत्र में मंगलवार को विधानसभा उपाध्यक्ष द्वारा शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह के साथ दुर्व्यवहार किया है जिसका वह कड़ा विरोध करते हैं। यदोपति ठाकुर ने चेतावनी दी की विधानसभा सत्र के बाद विस उपाध्यक्ष का घेराव किया जाएगा और यह घेराव ऐसा होगा विधानसभा से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य के साथ भी उपाध्यक्ष ने बदतमीजी की है इसका जवाब भी युवा कांग्रेस देगी।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज चाह रही सरकार

उन्होंने कहा कि सरकार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज व जनता की आवाज को दबाना चाह रही है। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता विधानसभा विरोध के लिए आ रहे थे तो सीटीओ से लेकर विधानसभा तक तक 5-5 जगह मेंकार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए थे और उन्हें रोकने का पूरा प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यही नहीं, जब युवा कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता बैरिकेड्स से आगे जाने लगीं तो शिमला पुलिस के जवान महिलाओं के हाथ पकड़ते हैं। उन्होंने कहा कि इसमें पुलिस भी क्या करे पुलिस के सिपाही भी सरकार के आगे मजबूर हैं। इस दौरान पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सक्खू के संबोधन के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त किया गया।

रसोई गैस के दामों में बढ़ौतरी पर डीसी आफिस के बाहर धरना-प्रदर्शन

देश के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि रसोई गैस के दामों में एक महीने में 4 बार बढ़ौतरी करके आम लोगों का दिवाला निकला जा रहा है। यह बात युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर ने रसोई गैस के दामों में केंद्र सरकार द्वारा की जा रही बढ़ौतरी के खिलाफ जिलाधीश कार्यालय के बाहर किए जा रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान कही। इससे पहले कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला से जिलाधीश कार्यालय तक रैली निकाली गई। इस अवसर पर शिमला शहरी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश कुमार, शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा, अर्की युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक कुमार, अजय कुमार, आजाद गुमराह व योगेश आदि उपस्थित रहे।

Content Writer

Vijay