सुक्खू की मौजूदगी में Youth Congress ने लोकसभा चुनाव को लेकर बनाई ये रणनीति, पढ़ें खबर

Thursday, Jul 19, 2018 - 05:41 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस की बैठक राजीव भवन शिमला में हुई है। इस बैठक में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों, लोकसभा के पदाधिकारियों, विधानसभा के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने की। इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव एवं प्रभारी युवा कांग्रेस कृष्णा अल्लावरू व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विशेष तौर पर शिरकत की। बैठक में भारतीय युवा कांगे्रस के सचिव एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश अमित यादव और सहप्रभारी जगदेव गागा भी मौजूद थे।


कार्यकाल पूरा कर चुके युवा कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि जो युवा कार्यकर्ता अपना कार्यकाल युवा कांग्रेस में पूरा कर चुके हंै उन्हें ब्लॉक, जिला व प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जिम्मेदारी दी जाएगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव कृष्णा अल्लावरू ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी व सहप्रभारी से सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाकर बूथ स्तर तक कार्य करने और केन्द्र सरकार की नाकामियां को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।


4 चरणों में आयोजित होगा कार्यक्रम
इस कार्यक्रम का पहला चरण 1 सितम्बर से 17 सितम्बर तक कांगड़ा लोकसभा, दूसरा चरण 25 सितम्बर से 11 अक्तूबर तक लोकसभा हमीरपुर, तीसरा चरण 20 अक्तूबर से 5 नवम्बर तक मंडी लोकसभा और चौथा चरण 14 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक शिमला लोकसभा क्षेत्र में होगा, जिसमें मुख्य रूप से कांग्रेस पार्टी की रीढ़ कहलाने वाले बूथ के कार्यकर्ता के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर चलेंगे ताकि आगामी 2019 के लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस और राहुल गांधी के सपनों को पूरा किया जा सके।


महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव एवं प्रभारी युवा कांग्रेस कृष्णा अल्लावरू ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में भाग लिया, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को युवा कांग्रेस से जोडऩा और पंचायतीराज चुनाव से जीत कर आईं महिलाओं को युवा कांग्रेस से जोडऩा और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान कृष्णा अल्लावरू ने महिलाओं से यह भी चर्चा की कि महिलाओं की ज्यादा से ज्यादा युवा कांग्रेस व कांग्रेस पार्टी में कैसे भागेदारी रहे ताकि आने वाले समय में महिलाओं की अहम भूमिका रहे।

Vijay