शिमला में यूथ कांग्रेस ने घेरी विधानसभा, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की

Monday, Aug 26, 2019 - 03:56 PM (IST)

शिमला (योगराज): प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोमवार शिमला में विधानसभा का घेराव कर जयराम सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। सरकार नशे पर लगाम नहीं लगा पा रही है। डेढ़ वर्ष के भाजपा सरकार के कार्यकाल में रेप की घटनाएं सबसे ज्यादा बढ़ गई है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार डेढ़ वर्ष से सोई हुई है जिसको जगाने के लिए युवा कांग्रेस ने विधानसभा का घेराव किया है। इस दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। 

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बेरिगेट्स को फांदकर पुलिस के जवानों के बीच के जाकर जयराम सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार धारा-118 में संशोधन करके प्रदेश को बेचने पर तुली हुई है। पर्यटन निगम के 14 होटलों को सरकार लीज पर देने जा रही है जिससे सरकार की मंशा साफ दिखाई दे रही है। विपक्ष के विधायकों पर झूठे केस बनाकर उन्हें प्रताड़ित करने का काम जयराम सरकार कर रही है जिसे युवा कांग्रेस किसी भी कीमत पर नहीं होने देगी।

Ekta