Chamba: 28 वर्षीय युवक ने उठाया खौफनाक कदम, सड़क किनारे इस हालत में मिला शव...घर में पसरा मातम
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 05:40 PM (IST)
सिहुंता (सुभाष): चम्बा जिले के पुलिस थाना सिहुंता के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां ग्राम पंचायत मोरठू के रहने वाले एक 28 वर्षीय युवक ने समोट पंचायत के चियुल गांव के समीप पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार को दिन के समय स्थानीय लोगों ने समोट-मोरठू सड़क के किनारे चियुल गांव के पास एक युवक का शव पेड़ से लगाए फंदे पर लटका हुआ देखा। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना सिहुंता थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की शिनाख्त की और तुरंत मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दी। परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही पुलिस ने उनकी मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतारा। मृतक की पहचान जयकरन पुत्र धुट निवासी गांव झलूं (ग्राम पंचायत मोरठू) के रूप में हुई है।
प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, हालांकि युवक ने यह खौफनाक कदम किन परिस्थितियों में उठाया, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी समोट भेज दिया है। पुलिस हर पहलू से इस घटना की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
इस पूरे मामले की पुष्टि एसपी चम्बा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

