Solan: चंडीगढ़-शिमला रूट पर नशा तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने बस में चिट्टे के साथ दबाेचा युवक
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 07:20 PM (IST)
सोलन (अमित): जिला सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने कंडाघाट तहसील के एक युवक को धर्मपुर के पास चिट्टे की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी एक बस में सवार होकर नशे की खेप की तस्करी कर रहा था।
ऐसे हुआ पर्दाफाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार एसआईयू टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रही एक बस में एक व्यक्ति हैरोइन लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसआईयू टीम तुरंत हरकत में आ गई और धर्मपुर क्षेत्र में नाकाबंदी करते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम की संबंधित बस को रोका गया। बस में सवार यात्रियों की गहन तलाशी के दौरान एक संदिग्ध युवक के कब्जे से 10.01 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दीपक निवासी गांव दोलग, तहसील कंडाघाट व जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने हैरोइन की यह खेप किससे हासिल की और इसे किसे सप्लाई करनी थी। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नैटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं।
आराेपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
एसपी सोलन साई दत्तात्रेय वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और व्यापक छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी इस तरह की किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं। एसपी ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस की मुहिम लगातार जारी है और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि किसी को नशे की तस्करी या बिक्री से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो वह पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

