Himachal Weather: इन सात जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट, इस दिन तक खराब रहेगा मौसम
punjabkesari.in Tuesday, Aug 19, 2025 - 09:47 AM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में आज भी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है, हालांकि वहां कोई विशेष अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 अगस्त तक हिमाचल में बारिश का दौर जारी रहेगा।
सोमवार को शिमला सहित कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे कई सड़कों पर यातायात बंद हो गया है। प्रदेश में करीब 760 ट्रांसफार्मर ठप होने से बिजली की सप्लाई बाधित है। कई पेयजल योजनाओं में गाद आने के कारण शिमला समेत कई क्षेत्रों में पानी की समस्या पैदा हो गई है।
भूस्खलन के कारण किरतपुर-मनाली हाईवे भी कुल्लू और मंडी के बीच बंद हो गया है, जिससे सैकड़ों वाहन बजौरा में फंसे हुए हैं। इसके अलावा, बंजार में NH-305 सहित कई संपर्क सड़कें भी बंद हैं। सैंज-लारजी और भुंतर-मणिकर्ण सड़कें भी कई जगह क्षतिग्रस्त हुई हैं।
किसानों और बागवानों को भी भारी नुकसान हुआ है। सेब, टमाटर और गोभी जैसी तैयार फसलें खेतों और बगीचों में फंसी हुई हैं क्योंकि भूस्खलन के कारण वे उन्हें मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। कांगड़ा में भी सोमवार को बारिश हुई, जिससे धर्मशाला-पठानकोट सड़क तीन घंटे तक बंद रही।
बारिश से हमीरपुर में एक कच्चा घर पूरी तरह से और एक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। सिरमौर के कोलर और सैनवाला में कुछ घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी हुई। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Himachal Weather Update: हिमाचल के इन जिलों में घने कोहरे का ''येलो अलर्ट'', जानें अगले 5 दिन का हाल
Himachal Weather Alert: मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले जिलों में कोहरे का पहरा, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

