मिशन रिपीट के लिए कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को हर घर पहुंचाए: धूमल
punjabkesari.in Tuesday, Aug 10, 2021 - 06:13 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव) : पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मंगलवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की भेरडा पंचायत के गुब्बर गांब में आयोजित ग्राम केंद्र प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और कार्यकर्ताओं के दम पर ही सरकार बनती है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जिसमे एक कार्यकर्ता को ही विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाया जाता है। इसीलिए आज भाजपा का संगठन पूरे विश्व में सबसे बड़ा है। उन्होंने कहा कि आज जहां भाजपा में अनुसाशन है और पूरे एकजुटता से संगठन व सरकार लोगों तक पहुंच रही है। वही दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियों का रोजाना लड़ना झगड़ना एक दूसरे को मंच के ऊपर बेइज्जत करना दैनिक कार्य में शुमार है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मतदान केंद्र से विधानसभा तक पहुंच रही है और काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा द्वारा ग्राम केंद्र प्रशिक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं, इनका मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयार करना और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार हर वर्ग का ख्याल रख रही है तथा भाजपा का मिशन रिपीट 2022 विस चुनावों में फिर से होगा। इसलिए पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता मिशन रिपीट को लेकर फील्ड में उतर जाए। इस मौके पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र विस्तारक संजीव ठाकुर, जिला भाजपा के महामंत्री हरीश शर्मा, मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, उपाध्यक्ष प्यार चंद व भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।