सरकार के संरक्षण में पल रहे अपराधी प्रवृत्ति के लोग : प्रेमलता ठाकुर

punjabkesari.in Friday, Aug 27, 2021 - 07:50 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप/संजीव): प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रवक्ता प्रेमलता ठाकुर ने छरूडू के पास काईस पंचायत के पूर्व प्रधान परस राम और उनकी पत्नी यूम देई के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर सरकार को घेरा है। जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर में आयोजित प्रत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। जिस तरह से यूम देई के साथ लोगों ने मारपीट की है वह निर्दयता की हदें पार करने वाली घटना है। उन्होंने सरकार पर सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि सरकार के संरक्षण में अपराधी प्रवृत्ति के लोग पल रहे हैं और सरकार इन्हें पूरा-पूरा संरक्षण दे रही है।
PunjabKesari, Women Congerss Image

प्रेमलता ठाकुर ने कहा कि महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने इस घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष भी आपत्ति दर्ज करवाई है और आने वाले समय में इस तरह की घटना पेश न आए इसके लिए सरकार को कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में महिलाओं पर अत्याचार बढे़ हैं, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण कुल्लू के छरूडू में हुई घटना है।

उन्होंने कहा कि सरकार का कानून व्यवस्था पर किसी तरह का नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि इस घटना में मारपीट करने वाले लोगों की संख्या काफी अधिक बताई जा रही है लेकिन पुलिस ने सिर्फ 5 पर ही मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करे अन्यथा महिला कांग्रेस धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News