Bilaspur: विभाग ने सुधारी गलती, सहारा योजना में मृत दिखी महिला अब रिकॉर्ड में हुई जिंदा

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 03:43 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला की कचौली पंचायत के गांव साई ब्राह्मणा निवासी शीला देवी को मुख्यमंत्री सहारा योजना में गलती से मृत दर्शाने का मामला आखिरकार दुरुस्त कर दिया गया है। यह मुद्दा पंजाब केसरी द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और संबंधित पोर्टल पर महिला की स्थिति को अब अलाइव कर दिया गया है। इससे परिवार ने राहत की सांस ली है।

बता दें कि 64 वर्षीय शीला देवी पत्नी बलदेव राज गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। परिजनों के अनुसार उन्हें 20 जुलाई 2018 को अटैक पड़ा था, जिसके बाद उनका इलाज आईजीएमसी शिमला, पीजीआई.चंडीगढ़ और वर्तमान में एम्स में चल रहा है। बीमारी के कारण वह पूरी तरह बिस्तर पर हैं। परिवार ने वर्ष 2023 में सहारा योजना के तहत पैंशन के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद 19 अप्रैल 2023 को पहली किस्त के रूप में 3 हजार रुपए मिले और जुलाई 2025 तक कुल 14 किस्तें जारी हुईं।

दिसंबर, 2025 में ई-केवाईसी प्रक्रिया के दौरान मामला सामने आया, जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने प्रक्रिया पूरी न होने पर लोकमित्र केंद्र जाने को कहा। वहां भी सफलता न मिलने पर जब बलदेव राज सीएमओ कार्यालय पहुंचे, तो पोर्टल से निकाले गए प्रिंट में शीला देवी को करीब 6 महीने पहले मृत दिखाया गया था। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। बलदेव राज ने फरवरी में लिखित आवेदन भी दिया, लेकिन लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं हुआ और उन्हें विभाग के चक्कर काटने पड़े। इस घटना ने सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।

सीएमओ.बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा ने बताया कि यह त्रुटि तकनीकी खामी के कारण हुई थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला को पैंशन लगी हुई है तथा पैंशन पीछे से ही बंद पड़ी है। जैसे ही पीछे से पैंशन जारी होगी, महिला को भी मिल जाएगी।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News