आवारा सांड बना जान का दुश्मन! आंगन में धूप सेकते वक्त महिला पर किया था हमला, अब 4 महीने बाद तोड़ा दम

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 04:37 PM (IST)

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल में लावारिस सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग महिला की चार महीने बाद मौत हो गई। महिला का लंबे समय तक इलाज चला, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो सका। शुक्रवार शाम को उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, इस घटना ने क्षेत्र में लावारिस पशुओं की समस्या और प्रशासन की भूमिका पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आंगन में बैठे-बैठे आई थी मुसीबत

जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा पिछले साल 19 नवंबर 2025 को हुआ था। सत्या देवी अपने घर के आंगन में धूप सेंक रही थीं, तभी एक लावारिस सांड ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। सांड ने उन्हें इतनी बुरी तरह घायल किया कि उनकी जान पर बन आई। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें सांड के चंगुल से छुड़ाया और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। बुजुर्ग महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया था। वहां करीब चार महीनों तक उनका गहन उपचार चला। हालांकि, स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने और स्थिति स्थिर रहने के कारण परिजन करीब एक सप्ताह पहले ही उन्हें वापस घर ले आए थे। शुक्रवार, 13 मार्च को घर पर ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

ग्रामीणों में रोष

सत्या देवी के निधन से पूरे धीरड़ क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लावारिस पशुओं की बढ़ती संख्या लोगों की जान की दुश्मन बन गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सरकार से मांग की है कि क्षेत्र में घूम रहे खूंखार लावारिस पशुओं को तुरंत गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News