महिला को फेसबुक फ्रेंड बनना पड़ा महंगा, इंग्लैंड के व्यक्ति ने ठग लिए 31 लाख

Friday, Nov 22, 2019 - 12:07 PM (IST)

शिमला (जस्टा): राजधानी में लोग आनलाइन ठगी के शिकार होने से बाज नहीं आ रहे हैं। आए दिन लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। एक के बाद एक मामले पेश आने पर अब शिमला की एक महिला से इंगलैंड के व्यक्ति ने 31 लाख रुपए ठगे हैं। यह मामला फेसबुक पर फ्रैंड बनाने के संबंध में जुड़ा है। महिला ने छोटा शिमला थाना में पुलिस को शिकायत दी है कि उसको कुछ समय पहले फेसबुक पर एक व्यक्ति की फ्रैंड रिक्वैस्ट आई थी। तभी उसकी फ्रैंड रिक्वैस्ट को स्वीकार कर लिया गया। जब महिला की चैट हुई तो व्यक्ति ने अपने आप को इंगलैंड का रहने वाला बताया। जब महिला ने नाम पूछा तो उसने अपना नाम फ्रैंडिक रिचर्सन बताया। महिला की उसके साथ चैट चलती रही।

इस बीच महिला से व्यक्ति ने मोबाइल नंबर पूछ लिया और महिला ने भी अपना नंबर दे दिया। बार-बार जब महिला की व्यक्ति से चैट हुई तो एक दिन उस व्यक्ति ने बताया कि वह 5 अगस्त को भारत आ रहा है। उसी दिन जब वह भारत आया तो उसको मुंबई से एक महिला का फोन आया। महिला ने अपने आपको कस्टम विभाग का अधिकारी बताया और कहा कि उसका दोस्त एयरपोर्ट पर फंसा है क्योंकि उसके पास कस्टम शुल्क चुकाने को पैसे नहीं हैं। फोन करने वाली महिला ने कहा कि इसके लिए 1,20,000 रुपए जुर्माना चुकाना होगा। शिमला की महिला भी उसके बहकावे में आई और पैसे जमा करवा दिए।

शिमला की महिला ने कहा है कि इसके बाद फोन करने वाली इस तथाकथित महिला ने उनको अलग-अलग मैसेज भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया है। इसके लिए वह पैसे की मांग भी करती रही। इतना ही नहीं, महिला के खाते की डिटेल लेकर पैसा भी निकाला गया। महिला के खाते से कुल 31 लाख रुपए निकाल लिए गए। जब खाता खाली हो गया तो तभी महिला के होश उड़ गए। महिला ने अभी तक यह बात घर में नहीं बताई थी लेकिन अब जब शातिरों ने फोन ही बंद कर दिए हैं तो महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। 

Edited By

Simpy Khanna