BJP विधायक से बदतमीजी करना महिला कांस्टेबल को पड़ा महंगा, जानिए क्या मिली सजा

Wednesday, Nov 28, 2018 - 09:40 PM (IST)

शिमला: राजधानी में भाजपा के विधायक राकेश पठानिया से बदतमीजी करने पर पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने विधायक की शिकायत मिलने के बाद महिला कांस्टेबल की ड्यूटी को ही बदल डाला है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों जब नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया अपनी गाड़ी लेकर मालरोड की तरफ जा रहे थे तो उनकी गाड़ी को महिला कांस्टेबल सीमा ने रोक दिया था। इस दौरान गाड़ी में विधायक की बेटी भी बैठी हुई थी।

विधायक बताने के बावजूद कर डाली बहस

विधायक का आरोप है कि महिला कांस्टेबल ने उनके साथ बदतमीजी की जबकि उन्होंने कहा कि वह नूरपुर के विधायक हैं, ऐसे में महिला कांस्टेबल और विधायक की आपस में बहस हो गई। इस पर विधायक ने मामले की सूचना एस.पी. शिमला को दी। पुलिस प्रशासन ने मामले पर कार्रवाई करते हुए महिला कांस्टेबल की ड्यूटी को बदल दिया और अब उसे महिला टै्रफिक ऑफिस में सेवाएं देनी होंगी।

क्या बोले एस.पी. शिमला

एस.पी. शिमला ओमापति जम्वाल ने बताया कि विधायक की शिकायत मिलने के बाद महिला कांस्टेबल की ड्यूटी को बदला गया है। महिला कांस्टेबल को अब टै्रफिक ऑफिस में ड्यूटी देनी होगी। पुलिस कर्मी को शांतिपूर्वक सेवाएं देनी होंगी।

Vijay