बिलासपुर में खौफनाक ट्रैंड! 4 दिनों में आत्महत्या की तीसरी घटना, अब विवाहिता ने दी जान

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 05:20 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): जिला मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम पंचायत चांदपुर के क्यारा गांव में एक 36 वर्षीय विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चिंताजनक बात यह है कि चांदपुर क्षेत्र में पिछले महज 4 दिनों के भीतर आत्महत्या की यह तीसरी घटना है, जिसने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मृतका की पहचान गरिमा (36) पत्नी विवेक कुमार निवासी क्यारा, डाकघर चांदपुर, तहसील सदर व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गरिमा नहाने के बाद घर की दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चली गई थी, जबकि उसका पति विवेक दूसरे कमरे में मौजूद था। बताया जा रहा है कि कमरे में जाकर गरिमा ने छत के पंखे के कुंडे से दुपट्टे का फंदा बना लिया और झूल गई। लगभग 15-20 मिनट बीत जाने के बाद भी जब वह कमरे से बाहर नहीं आई, तो पति ने जाली वाले दरवाजे से अंदर झांक कर देखा। पत्नी को फंदे से लटकता देख उसके होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और आनन-फानन में साथ लगते एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम ने क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस फिलहाल मृतका के मायके पक्ष के लोगों के आने का इंतजार कर रही है। उनके बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरैंसिक टीम को मौके पर भेज दिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News