पंडोह में महिला ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझी, पुलिस ने लखनऊ से दबोचा आरोपी

Sunday, Jun 11, 2023 - 11:52 AM (IST)

पंडोह (विशाल): पंडोह के 9 मील के पास 5 जून को हुए महिला के ब्लाइंड मर्डर मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार करके मंडी ला रही है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय प्रकाश यादव पुत्र अशोक यादव निवासी सोलोपति लालपुर थाना हिंगेश्वर जिला माधेवपुर (बिहार) के रूप में हुई है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय प्रियंका यादव पुत्री बच्चा यादव निवासी सोलोपुर बिहार के रूप में हुई है। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। ब्लाइंड मर्डर मामले में सीसीटीवी की छोटी-सी फुटेज पुलिस के लिए मददगार बनी और पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब हो पाई।

महिला ने जबरन दूसरी शादी करने का बनाया था दबाव
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी प्रकाश यादव ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसके 3 बच्चे भी हैं। जिस महिला की उसने हत्या की वह भी शादीशुदा थी और उसके भी 2 बच्चे हैं। इन दोनों के आपस में नाजायज संबंध थे। महिला ने इस पर जबरन दूसरी शादी करने का दबाव बनाया। डेढ़ महीना पहले दोनों ने शादी भी कर ली थी। 

ठिकाने लगाने के लिए ले आया हिमाचल
प्रकाश यादव उसे ठिकाने लगाने के लिए घुमाने के बहाने हिमाचल लेकर आया। कुल्लूू में अपने चचेरे भाई के पास रुका। वापसी में पंडोह के साथ लगते 9 मील के पास बस से उतरा और पहाड़ी पर ले जाकर महिला को मौत के घाट उतारने के बाद फरार हो गया। आरोपी लगातार फरार चल रहा था लेकिन पुलिस ने सारी जांच पड़ताल के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay