वीरभद्र कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद, उत्साह-जोश की भरेंगे लहर : राठौर

Sunday, Jan 03, 2021 - 06:42 PM (IST)

शिमला (योगराज/राक्टा) : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से कुठाड़ जाकर मुलाकात की। इस अवसर पर राठौर ने पूर्व मुख्यमंत्री को पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों की पूरी जानकारी दी। उन्होंने वीरभद्र सिंह को बताया कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस पार्टी का शानदार प्रदर्शन रहेगा। उन्होंने कहा कि 2022 विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। पंचायत चुनावों के बाद कांग्रेस पूरी सक्रियता से लोगों के बीच होगी। 

इससे पूर्व वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यों और उनके आंदोलनों के अतिरिक्त प्रदेश की राजनीति पर उनकी कड़ी नजर है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में अभी से डट जाने को कहा है ताकि 2022 के चुनावों में कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ अपनी सरकार बना सके। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के दौरे पर भी उतरेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर उनमें उत्साह और जोश भरेंगे। इस दौरान पंचायत चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर राठौर ने उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनका कुशलक्षेम भी पूछा। इस दौरान पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह और शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा भी मौजूद थे।

वर्चुअल बैठक से कर रहे समीक्षा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पार्टी के जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर उनके कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। सूचना के अनुसार आने वाले दिनों में बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ पार्टी अध्यक्ष बैठक करेंगे ताकि धरातल पर संगठन को मजबूत किया जा सके। देखा जाए तो राठौर पहले ही सभी ब्लॉक अध्यक्षों को बूथ कमेटियों का जल्द से जल्द गठन करने के निर्देश दे चुके हैं।
 

prashant sharma