फोन कॉल के बाद अचानक गायब हुआ ITBP जवान, 11 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग; परिजनों ने युवती पर जताया शक
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 04:29 PM (IST)
Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू बस स्टैंड से लापता हुए आईटीबीपी (ITBP) के 26 वर्षीय जवान योगेश कुमार का 11 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। लाहौल-स्पीति निवासी इस जवान के परिजन गहरे सदमे में हैं। गुरुवार को जवान के पिता और रिश्तेदारों ने कुल्लू के एसपी मदनलाल कौशल से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित व ठोस कार्रवाई की मांग की है।
फोन कॉल के बाद अचानक हुए गायब
लापता जवान के पिता प्रेम सिंह ने बताया कि घटना 24 फरवरी की है। योगेश शाम करीब 7 बजे कुल्लू बस स्टैंड पर थे, जहां से उन्हें रात 10:30 बजे की बस से हरिद्वार (उत्तराखंड) के लिए रवाना होना था। पिता के अनुसार, बस स्टैंड पर योगेश को किसी का फोन आया और वह बात करते-करते वहां से कहीं चले गए। जब बस चलने का समय हुआ, तब भी योगेश वापस नहीं लौटे और उनका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा।
किसी युवती के संपर्क में था जवान, परिजनों को शक
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में एक युवती पर संदेह व्यक्त किया है। पिता प्रेम सिंह का आरोप है कि योगेश पिछले कुछ समय से एक लड़की के संपर्क में था और उसने कई बार उस युवती को पैसे भी ट्रांसफर किए थे। परिजनों के अनुसार, योगेश उस लड़की से मिलने कई बार उसके घर भी गया था। उन्होंने शक जताया है कि योगेश के अचानक लापता होने के पीछे उसी युवती का हाथ हो सकता है।
नौकरी छोड़ने की बात आई सामने
इस मामले पर एसपी कुल्लू मदनलाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन के आधार पर युवती और जवान के संपर्कों की पड़ताल कर रही है। एसपी ने कहा कि किसी कारणवश योगेश ने नौकरी छोड़ दी थी। पूर्व जिला परिषद सदस्य सुदर्शन जसपा ने कहा कि योगेश का अभी तक कोई भी सुराग नहीं मिला है। पुलिस परिजनों के शक के आधार पर कार्रवाई करे।

