शिकार करने निकले थे, पुलिस ने धरा

Wednesday, May 13, 2020 - 02:41 PM (IST)

शिमला : कोरोना कर्फ्यू के बीच पुलिस ने तीन शिकारियों को हथियारों और कारतूसों के साथ पकड़ा है। पुलिस ने हथियारों समेत गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। मामला हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले का है। पंचायत मझीवड़ के प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। सुन्नी थाना पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी ओमापति जम्वाल ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात पंचायत प्रधान प्रेम प्रकाश शर्मा ने सूचना दी कि सुन्नी के शिलह और मझीवड़ क्षेत्र के जंगल में शिकारी वन्य प्राण्ियों का शिकार करने आए हैं।

इन शिकारियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। रात करीब दस बजे एक पिकअप वाहन आया। इसमें चार लोग सवार थे। फॉरेस्ट गार्ड और स्थानीय लोगों को देखकर इसमें एक मौके से फरार हो गया। गाड़ी में सवार तीन लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें 3 बंदूकें और 15 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने हथियार का लाइसेंस मांगा तो वह नहीं दिखा पाए। तीनों ठियोग के निवासी हैं और कर्फ्यू के बीच ठियोग से सुन्नी क्षेत्र में शिकार करने पहुंचे थे। आरोपियों के खिलाफ कर्फ्यू का उल्लंघन करने और आर्म एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुन्नी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
 

Edited By

prashant sharma