Weather Update : हिमाचल में 16 फरवरी तक सामान्य रहेगा मौसम

Thursday, Feb 02, 2023 - 09:34 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में 16 फरवरी तक मौसम सामान्य रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस बीच कहीं बारिश तो कहीं धूप खिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा आगामी 2 सप्ताह के लिए विस्तारित पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक फरवरी महीने के पहले सप्ताह में मौसम प्रदेश भर में साफ रहने वाला है। यानी प्रदेश में 8 फरवरी तक बारिश व बर्फबारी की संभावनाएं बहुत कम हैं। इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर जिलों में धूप खिली रहेगी, वहीं फरवरी महीने के दूसरे सप्ताह में प्रदेश के 4 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश की संभावना है। इनमें लाहौल स्पीति, चम्बा, किन्नौर और कुल्लू जिले शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश के बाकी सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। 

9 जिलों में नाममात्र की बारिश
जनवरी महीने में इस बार मौसम हिमाचल पर ज्यादा मेहरबान नहीं हुआ है। जनवरी में सिर्फ  3 प्रतिशत बारिश ही पूरे हिमाचल में दर्ज की गई है। प्रदेश के सिर्फ 3 जिलों में जनवरी महीने में सामान्य बारिश दर्ज की गई हैं जबकि बाकी 9 जिलों में नाममात्र की बारिश हुई है। अगर वर्ष 2022 से तुलना करें तो जनवरी 2022 में 92 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। वहीं राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में वीरवार को दिनभर धूप खिली रही। धूप खिलने से प्रदेश में तापमान पिछले कुछ दिनों से बढ़ गया है। तापमान बढ़ने से दिन में गर्मियों के जैसा एहसास होना शुरू हो गया है। 

तापमान पर एक नजर
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सुंदरनगर में 2.8, भुंतर में 3.9, सोलन में 3.8, मनाली में 2.6, ऊना में 4.6, कुफरी में 5.9, पालमपुर में 5.5, नारकंडा में 1.5, धौलाकुआं में 5.7, डल्हौजी में 7.8 और हमीरपुर में 5.8 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay