हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, 13 से 16 अप्रैल तक बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

Thursday, Apr 11, 2024 - 08:59 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में एक बार फिर से मौसम बदलेगा। मौसम विभाग ने 13 से 16 अप्रैल तक प्रदेश में बिजली कड़कने व अंधड़ के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। इस दौरान प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय इलाकों में यैलो व ऑरैंज अलर्ट रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 13 और 14 अप्रैल को 9 जिलों शिमला, सोलन, कुल्लू, सिरमौर, चम्बा, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर के लिए ऑरैंज अलर्ट जारी किया है। इन 2 दिनों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। 12, 15 व 16 अप्रैल के लिए यैलो अलर्ट जारी हुआ है। इस अवधि में राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।

मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों के लिए यैलो अलर्ट रहेगा
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि मैदानी व पहाड़ी इलाकों में अनेक स्थानों पर आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों के लिए यैलो अलर्ट रहेगा। उन्होंने 13 और 14 अप्रैल को ऑरैंज अलर्ट के चलते लोगों व प्रदेश का रुख करने वाले सैलानियों को सावधान रहने की हिदायत दी है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में बर्फबारी होने का अनुमान है।

किसानों को सताने लगी फसलों के खराब होने की चिंता
मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका से किसानों को गेहूं की फसल, सेब व अन्य फलों-सब्जियों के नुक्सान का डर सताने लगा है। किसानों-बागवानों को सबसे अधिक डर ओलावृष्टि को लेकर लग रहा है। पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि से सेब की फ्लावरिंग को नुक्सान होता है तो मैदानों में गेहूं की खड़ी व कटी फसल बर्बाद हो जाती है। मैदानी क्षेत्रों में गेहूं की फसल लगभग तैयार हो गई है और किसान अब इसे काटने की तैयारी में हैं।

तापमान पर एक नजर
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में दर्ज किया गया है। ऊना का तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं हमीरपुर में 25.5, कांगड़ा में 30, धर्मशाला में 25, चम्बा में 28.2, केलांग में 9.4 डिग्री, भुंतर में 23.3 डिग्री, मंडी में 27.6 डिग्री, सुंदरनगर में 27.7 डिग्री, बिलासपुर में 31.3 डिग्री व शिमला में 19.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay