सूखे की मार झेल रहे हिमाचल को मिल सकती है राहत, 1 व 2 फरवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना

Saturday, Jan 27, 2024 - 08:44 PM (IST)

शिमला (संतोष): पिछले 3 माह से सूखे की मार झेल रहे हिमाचल के लिए अब राहत मिलने वाली है। 28 और 31 जनवरी से दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिससे अब राज्य में बर्फबारी व वर्षा की संभावनाएं बढ़ गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डाॅ. सुरिंद्र पाल ने कहा कि 1 और 2 फरवरी को मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में अनेक स्थानों पर वर्षा/हिमपात हो सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर वर्षा का अनुमान लगाया गया है। ऐसे में अब बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों व किसान-बागवानों की चिंता दूर होने की संभावनाएं हैं।

मैदानी इलाकों से छंटा कोहरा, बढ़ने लगा तापमान
प्रदेश में मौसम के साफ रहने के बाद अब मैदानी इलाकों में भी कोहरा छंट गया है, जिससे अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान बरठीं में 23.1 डिग्री रहा, जबकि राजधानी शिमला में 13.5 डिग्री तापमान रिकाॅर्ड किया गया है। ऊना का अधिकतम तापमान 23, कांगड़ा का 22 डिग्री अधिकतम तापमान रहा है। न्यूनतम तापमान समधो में माइनस 5.9 डिग्री रहा, जबकि राजधानी शिमला में 4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है। ऊना में 3 व कांगड़ा में 4.6 डिग्री तापमान रहा है, वहीं कल्पा में माइनस 3.6, मनाली में माइनस 1.5, कुकुमसेरी में माइनस 5.8, नारकंडा में माइनस 2.1, रिकांगपिओ में माइनस 0.8 डिग्री तापमान रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay