हिमाचल के 4 जिलाें में शीतलहर का प्रकोप, आधा दर्जन से अधिक शहरों का तापमान माइनस से नीचे

Wednesday, Jan 24, 2024 - 12:08 AM (IST)

शिमला/धर्मशाला (संतोष/सौरभ): मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 25 जनवरी तक शीतलहर की स्थिति रहने का अनुमान है। इसके अलावा अगले 5 दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश में आने वाले 48 घंटे में भी प्रदेश में मौसम के साफ बने रहने की संभावना है। 25 जनवरी के बाद हिमाचल प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बफर्बारी देखने को मिल सकती है। 29 जनवरी के आसपास हिमाचल प्रदेश के मध्यवर्ती इलाकों में बारिश भी दर्ज की जा सकती है।

सुबह-शाम सहित रात में अत्यधिक पड़ रही ठंड
उधर, बर्फबारी न होने के चलते अभी तक खुशक ठंड की मार झेल रहे हिमाचल के लोग अब शीतलहर का प्रकोप झेलने लगे हैं। 4 जिलों ऊना, बिलासपुर, मंडी व कांगड़ा में शीतलहर चली है जबकि प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक शहरों का तापमान माइनस से नीचे चला हुआ है। अब तो राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान भी काफी गिर गया है, जिससे यहां भी अब सुबह-शाम सहित रात में अत्यधिक ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार जिला बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, सोलन व ऊना में कुछ स्थानों पर ग्राऊंड फ्रॉस्ट और शीतलहर की स्थिति होने की संभावना है। 28 व 29 जनवरी को 1-2 स्थानों पर वर्षा/हिमपात के आसार हैं जबकि मैदानी इलाकों का मौसम साफ व शुष्क रहेगा, वहीं मैदानी इलाकों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर के अलग-अलग भागों में आगामी 2 दिन घना कोहरा छाया रहेगा।

कड़ाके की ठंड के चलते जम रहे नदी-नाले 
उधर कुल्लू जिला में नदी-नाले भी कड़ाके की ठंड के चलते जम रहे हैं और ब्यास नदी का पानी भी माइनस तापमान में बह रहा है, लेकिन कड़ाके की ठंड भी सैलानियों में साहसिक खेलों के इस रोमांच को कम नहीं कर पा रही है। पर्यटन नगरी मनाली के साथ लगते पर्यटन स्थल सूने पड़े हुए हैं। सिरमौर जिले में धुंध व कोहरे से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय चालकों को सड़क पर 20 से 30 मीटर की विजिबिलिटी में वाहनों को चलाना पड़ रहा है। जिले में सबसे ज्यादा खराब हालात पांवटा साहिब, नाहन, कालाअम्ब व इसके आसपास के क्षेत्रों में हैं। कोहरे के चलते लोग खांसी, जुकाम, बुखार व अन्य बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay