कुफरी व नारकंडा में गिरे बर्फ के फाहे, प्रदेश के 6 शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में

Tuesday, Jan 09, 2024 - 11:18 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में न्यूनतम तापमान में लगातार कटौती दर्ज की जा रही है। स्थिति ये है कि प्रदेश के 6 शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस में चला गया है। वहीं इस बीच मंगलवार को शिमला में दोपहर बाद करीब चार बजे बर्फ के हल्के फाहे गिरे। शिमला के कुफरी और नारकंडा में हल्के फाहे देखने को मिले। इन्हें देखकर हर कोई हैरान हो गया, वहीं कुछ पर्यटक इसकी सूचना मिलते ही कुफरी पहुंच गए क्योंकि शिमला में मौसम ज्यादा खराब नहीं था लेकिन बर्फबारी के लिए तापमान अच्छा हो गया है। शिमला में दोपहर बाद मौसम भी अचानक बदल सा गया है। आधे आसमान में काले घने बादल छाए रहे तो आधा साफ बना रहा। वहीं प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। धर्मशाला, शिमला, कुफरी और नारकंडा का तापमान बहुत ज्यादा गिरा है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों को बीती रात इस साल की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई।

इन शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में 
नए साल में पहली बार प्रदेश के 6 शहरों का पारा माइनस में गया है। कल्पा, कुकुमसेरी, समदो के बाद अब रिकांगपिओ, कुफरी और नारकंडा का तापमान भी माइनस में यानी जमाव बिंदू से नीचे लुढ़क गया है। इससे आज दिन के समय भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ऊंचे क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में शीतलहर चल रही है।

शिमला में गिरा न्यूनतम तापमान
शिमला के तापमान में बीते 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक 3.1 डिग्री की कमी आई है। इसके बाद शिमला का पारा 2.2 डिग्री तक गिरा है। शिमला में यह बीती रात का रिकॉर्ड न्यूनतम तापमान है। मशहूर पर्यटन स्थल नारकंडा और कुफरी में भी तापमान माइनस में जाने से शीतलहर चल रही है।

मैदानी इलाकों में आज व कल कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज और कल के लिए मैदानी इलाकों में घने कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया है। इससे मैदानी इलाकों में विजिबिलिटी कम रहेगी। वाहन चालकों को इससे गाड़ी चलाने में परेशानी हो सकती है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay