हिमाचल में आज करवट लेगा मौसम, पहाड़ों पर बर्फबारी...मैदानों में कोहरे का अलर्ट

Saturday, Dec 30, 2023 - 12:14 AM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में शनिवार से मौसम करवट बदल सकता है। शनिवार व रविवार को मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना है जबकि मैदानी इलाके साफ रहेंगे। मैदानी इलाकों में कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शनिवार व रविवार को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा व हिमपात होने की संभावना है। जबकि उसके बाद 1 से लेकर 4 जनवरी तक सभी क्षेत्रों का मौसम साफ व शुष्क रहेगा। शनिवार को मैदानी इलाकों में कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को राजधानी शिमला में हल्के बादलों के साथ धूप खिली रही और अधिकतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में शिमला के अधिकतम तापमान में सामान्य से माइनस 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। ऊना में प्रदेश का अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा है और राज्य में पिछले 24 घंटों में सामान्य से औसतन माइनस 0.6 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा है।

एक सप्ताह में एक लाख के करीब पर्यटक वाहन कुल्लू-मनाली पहुंचे
देश के विभिन्न हिस्सों से एक सप्ताह में एक लाख के करीब पर्यटक वाहन कुल्लू मनाली पहुंचे। इन पर्यटक वाहनों में लाखों पर्यटक आए। क्रिसमस से एक दो दिन पहले पर्यटकों की आमद में इजाफा दर्ज हुआ। 30 और 31 दिसंबर को भी 15-15 हजार से अधिक पर्यटक वाहनों के पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को भी 16 हजार गाड़ियां आई। यह पर्यटक लाहौल के सिस्सू भी जा रहे हैं। पार्वती वैली, तीर्थन सहित जिले के अन्य पर्यटक स्थलों पर भी सैलानी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

कुल्लू-मनाली जाने वाले वाया कटौला-कमांद करें सफर
नए साल के आगमन पर कुल्लू-मनाली जाने वाले छोटे वाहन चालकों व पर्यटकों से मंडी पुलिस ने कटौला-कमांद सड़क से यात्रा करें। नए वर्ष के दृष्टिगत बड़ी संख्या में सैलानियों के कुल्लू-मनाली जाने के चलते पंडोह डैम लिंक रोड पर ट्रैफिक जाम लग रहा है। इसी के चलते पुलिस ने 3 जनवरी तक मंडी तथा कुल्लू के बीच यात्रा करने वाले सभी छोटे वाह चालकों को वाया कटौला-कमांद रोड से यात्रा करने को कहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay