Weather : ऊना का तापमान पहुंचा 39 डिग्री, शनिवार से भारी बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट

Saturday, Apr 15, 2023 - 12:04 AM (IST)

शिमला/ऊना (संतोष/ मनोहर): सूबे में अब सूर्यदेव आग बरसाने लगे हैं। प्रदेश के कई जिलों के अधिकतम तापमान दिल्ली व चेन्नई से भी पार हो गए हैं। प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर थमे अभी 10 ही दिन का समय हुआ है। 10 दिनों से खिल रही लगातार धूप के कारण प्रदेश में गर्मी पसीने छुड़ाने लगी है। राजधानी शिमला व अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से कहीं अधिक चल रहा है।  

शुक्रवार को ऊना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। ऊना में पिछले 4 दिनों से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सैल्सियस से ऊपर ही रह रहा है। दिल्ली में अधिकतम तापमान शुक्रवार को 38.6 डिग्री और चेन्नई का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सैल्सियस और चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा सिरमौर जिले के धौलाकुआं में 37.8, बिलासपुर में 34, कांगड़ा में 33.1, हमीरपुर में 33.9, शिमला में 24.5, चम्बा में 33.8, धर्मशाला व सोलन 30 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। 

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में शनिवार से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 17 और 18 अप्रैल को प्रदेश में भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मध्य और उच्च पर्वतीय 8 जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चम्बा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश होने की संभावना है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay