हिमाचल में बुधवार से बारिश-बर्फबारी की संभावना, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम

Tuesday, Jan 17, 2023 - 08:18 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मौसम फिर से अपने रंग बदलेगा। मौसम विभाग ने बुधवार से प्रदेश के मध्यम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। हालांकि इस दौरान बारिश व बर्फबारी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं प्रदेश में 21 जनवरी तक मौसम खराब रहेगा। प्रदेश में फिलहाल ठंड का प्रकोप जारी है। मैदानी इलाकों में सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ रहा है। कोहरे के कारण जहां विजिबिलिटी कम हो गई है तो वहीं शीतलहर भी चल रही है। कोहरा पड़ने के कारण से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के कई जिलों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। 

इन जिलों में कड़ाके की ठंड से जम गए नाले व झरने
प्रदेश के लाहौल-स्पीति और किन्नौर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। स्थिति यह है कि यहां बहने वाले कई नाले, झरने और झीलों सहित प्राकृतिक जल स्रोत जम गए हैं। सोमवार रात को शिमला समेत प्रदेश के 6 क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान शून्य व 8 शहरों का माइनस में दर्ज किया गया है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में सुबह और शाम के समय धुंध छाई रहने से परेशानी बढ़ गई है। 

तापमान पर एक नजर
प्रदेश में इन दिनों सबसे कम तापमान केलांग में दर्ज किया जा रहा है।  केलांग में तापमान शून्य से 11 डिग्री नीचे पहुंच चुका है। सोमवार को केलंग में-11.0 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा कुकुमसेरी में-7.2, कल्पा में -4.6, कुफरी में -0.3, रिकांगपिओ में -1.9, नारकंडा -1.1, मनाली में 2.2, शिमला में 0.6, सुंदरनगर में 0.1, भुंतर में 0.1, धर्मशाला में 2.2, ऊना में 0.5, नाहन में 5.7, सोलन में 1.8, कांगड़ा में 3.0, मंडी में 3.2, बिलासपुर में 4.0 हमीरपुर में 0.8, चम्बा में 2.3 और सराहन में 0.0 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 

प्रदेश में 113 सड़कें बंद
बीते दिनों हुई बारिश-बर्फबारी के बाद प्रदेश में अभी राहत नहीं मिली है प्रदेश में अभी भी 113 सड़कें बंद हंै। लाहौल-स्पीति जिले में सबसे ज्यादा 87 सड़कें बंद हैं। कुल्लू जिले में 20, कांगड़ा में 2, शिमला में 2 और चम्बा जिले में 1 सड़क बंद हैं। वहीं प्रदेश में बिजली के 7 ट्रांसफ ार्मर अभी भी बंद पड़े हुए हैं और वाटर सप्लाई की 7 स्कीमें बंद हो चुकी हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay