हिमाचल : रोहतांग सहित पहाड़ों पर हिमपात, कोकसर में बर्फ के फाहों के बीच झूमे सैलानी

Friday, Dec 09, 2022 - 06:51 PM (IST)

शिमला/पतलीकूहल (राजेश/ब्यूरो): हिमाचल के उंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार प्रदेश के उंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ है। जानकारी के अनुसार हंसा में 10, गोंदाला और कुकुमसेरी 2 और केंलांग में 4 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद मध्य पर्वतीय क्षेत्रों व मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। शाम ढलते ही सर्द हवाएं क्षेत्रों में चल रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 10 दिसम्बर यानी शनिवार को भी मौसम खराब रहने की संंभवना जताई है। इस दौरान जहां लाहौल स्पीति, कुल्लू, किन्नौर में बर्फबारी के आसार है तो वहीं कांगड़ा, चम्बा के साथ लगते कई क्षेत्रों में बारिश के आसार है। मौसम विभाग निदेशक ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारक के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है, जिसके चलते रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रहेगा। वहीं उंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसके बाद 13 दिसम्बर तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा।

कारोबारियों को जगी बेहतर कारोबार की उम्मीद 
उधर, पर्यटन नगरी मनाली के रोहतांग सहित पहाड़ों में हिमपात हुआ है। लाहौल के पर्यटन स्थल कोकसर में भी शुक्रवार सुबह बर्फ के फाहे गिरे, जबकि निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। ऊंची चोटियों में वीरवार देर रात से ही बर्फ के फाहे गिरने का क्रम जारी है। पर्यटन स्थलों में बर्फबारी से कारोबारी और सैलानी खुश हैं। कारोबारियों को आने वाले क्रिसमस पर्व व न्यू ईयर को लेकर बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है। मनाली के अधिकतर होटल एडवांस में पैक होने लगे हैं। शुक्रवार को बर्फ के दीदार करने लाहौल के पर्यटन स्थल अटल टनल व कोकसर गए पर्यटक आसमान से गिरते बर्फ के फाहों में खूब झूमे। हालांकि बर्फ के फाहों का दौर 2 से अढ़ाई घंटे तक ही चला लेकिन इस बीच सैंकड़ों पर्यटकों ने बर्फ के गिरते फाहों को कैमरे में कैद किया। कोकसर के स्थानीय निवासियों ने बताया कि दिसम्बर 15 से 2 जनवरी तक मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा। एसडीएम मनाली डाॅ. सुरेंद्र ठाकुर ने पर्यटकों से आग्रह किया कि बर्फबारी को देखते हुए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  


 

Content Writer

Vijay