हिमाचल में 3 दिन तक खराब रहेगा मौसम, 3 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी

Wednesday, Dec 18, 2019 - 08:49 PM (IST)

शिमला (ब्यूराे): हिमाचल के 5 जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आलम यह है कि प्रदेश के पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ मैदानों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 5 शहरों का पारा शून्य से नीचे चले जाने के बाद भी ठंड से फिलहाल निजात मिलने की संभावना नहीं है क्योंकि मौसम विभाग ने अगले 3 दिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर हिमपात का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने तीन जिलों कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में कुछ स्थानों पर हिमस्खलन की चेतावनी दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में 19 से 21 दिसम्बर तक मौसम खराब रहेगा। राजधानी शिमला सहित अन्य इलाकों में बुधवार को धूप खिलने से सर्दी का असर थोड़ा कम तो हुआ लेकिन रात के पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

लाहौल-स्पीति जिले का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां बुधवार को न्यूनतम तापमान-13.8 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान-4.6 डिग्री, मनाली में-2.8 डिग्री, सुंदरनगर में-0.5 डिग्री और भुंतर में-0.4 डिग्री सैल्सियस रहा। वहीं अन्य कुछ शहरों का तापमान शून्य के करीब रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ फि र सक्रिय हो रहा है और इसके प्रभाव से मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय भागों में 19 से 21 दिसम्बर तक बर्फ बारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में 20 दिसम्बर को गर्ज के साथ बारिश की संभावना है। 22 से 24 दिसम्बर तक समूचे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।

Vijay