मौसम दिखा रहा अपना रंग : इन जिलों में सुबह से शुरू हुआ बर्फबारी का सिलसिला

Thursday, Mar 05, 2020 - 11:18 AM (IST)

शिमला/ज्वालामुखी(पंकज) : हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला-बदला लग रहा है। बता दें कि गुरुवार सुबह से प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने का सिलसिला लगा हुआ है। आसमान पर बादल छाए हुए हैं और शीत लहर भी अपना असर दिखा रही है। लाहुल- स्पीति,कुल्लू, किन्नौर, में ताजा बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट हुई है। रोहतांग में करीब 1 फुट ताजा बर्फबारी हुई है और केलांग में 1 इंच, कोखसर में 2 इंच ताजा बर्फबारी हुई है। प्रदेश के निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। राजधानी शिमला में आसमान पर बादलों का डेरा है और हवाएं चल रही है, इसके चलते ठंड में भी इजाफा हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने 5 व 6 मार्च को भारी बर्फबारी, ओलावृष्टि, की संभावना जताई है। इसके देखते हुए कुल्लू ज़िला प्रशासन ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों के लिए एडवाजरी जारी कर दी है। प्रशासन ने सभी विभागों के अधिकारी अलर्ट पर रखे है। वहीं खराब मौसम ने कुल्लू के बागवानों की चिंता भी बढ़ा दी है। जिला के निचले क्षेत्रों में प्लम, खुरमानी, बादाम आड़ू के पेड़ों में बंपर फ्लावरिंग हुई है, जिसके चलते तापमान में भारी गिरावट होने से पेड़ों पर खिले फूलों पर इस का असर पड़ सकता है।

 

ज्वालामुखी
ज्वालामुखी उपमंडल में आज मौसम का मिजाज सुबह अचानक बदल गया। तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को फिर से ठंड का अहसास करवाया। रात से ही आसमान में बादल छाए रहे। जिससे मौसम सुहाना रहा। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। शक्तिपीठ ज्वालामुखी में भी आज फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की दसवीं तिथि को मन्दिर में दर्शनों के लिए भक्तो की भीड़ उमड़ी। वही आज बिशेष दिन होने पर श्रद्धालु हवन, यज्ञ करते नजर आए। पुजारी अविनेन्द्र शर्मा ने बताया कि फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि का दिन बिशेष महत्व रखता है। इस समय दो ऋतुओ का संगम होता है गर्मी आती है सर्दी जाती है। इन दिनों शुभ कार्य गाड़ी खरीदना, विवाह, घर बनाना आदि वर्जित होता है पर मन्दिरो में दर्शन करना, हवन यज्ञ करना बिशेष लाभकारी होता है। इसलिए श्रद्धालु आज हवन यज्ञ कर रहे हैं और माता के दर्शनों का बिशेष फल प्राप्त कर रहे हैं। हरियाणा से आए श्रद्धालु ने वताया की हम हर महीने ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं का जत्था लेकर आते है ज्वाला मां अपने सभी भक्तों की मनोकामनाओं को पूर्ण करती है ज्वालामुखी मंदिर में ज्वाला रूप में मां साक्षात विराजमान है और आज यहां मौसम बहुत सुहावना बना हुआ है सभी भक्त ज्वाला मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे है और जैकारे भी लगा रहे है।

 

kirti