शिमला की जनता को घरों में खाना पकाने तक नसीब नहीं हो रहा पानी, मचा हाहाकार

Sunday, May 27, 2018 - 09:26 AM (IST)

शिमला : राजधानी में पानी को लेकर स्थिति अब आऊट ऑफ कंट्रोल हो गई है। हालात इस कद्र बदतर हो गए हैं कि लोगों को घरों में खाना पकाने तक को पानी नसीब नहीं हो रहा है। नगर निगम प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का सिर्फ यही तर्क है कि पेयजल स्रोतों में पानी सूखने लगा है, ऐसे में पानी की लिफ्टिंग नहीं हो पा रही है, जिससे जल संकट गहरा गया है। आम जनता को 8वें दिन भी पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, इससे हालात बेहद दयनीय हो गए हैं। नगर निगम का वाटर डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम पूरी तरह से फेल हो गया है। की मैनों की दादागिरी के आगे नगर निगम प्रशासन बेबस नजर आ रहा है।

पानी की 2 बाल्टियां भरने के लिए मारामारी करनी पड़ रही
की-मैन अपनी मनमर्जी कर पानी की सप्लाई दे रहे हैं, इससे शहर में पानी को लेकर स्थिति गंभीर हो गई है, वहीं शहर के वी.वी.आई.पी. एरिया व होटलों में फुल पानी की सप्लाई की जा रही है। यहां पानी की कोई कमी नहीं है लेकिन शहर की आम जनता के हलक सूखे ही रह गए हैं। नगर निगम वार्डों में 5वें व छठे दिन बाद टैंकर भेजकर पानी की आपूर्ति कर रहा है लेकिन उसके लिए भी जनता को लंबी लाइन में खड़े रहकर पानी की 2 बाल्टियां भरने के लिए मारामारी करनी पड़ रही है। नगर निगम लीकेज रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। शहर में रोजाना लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है लेकिन निगम पानी की लीकेज रोकने को लेकर कोई कारगर खत्म नहीं उठा पा रहा है, जिससे स्थिति और भी बिगड़ती जा रही है।  

kirti